रंगड़ों के काटने पर पेड़ से गिरा, मौत

छत्ते को जलाने के लिए पेड़ पर चढ़ा था व्यक्ति, टांडा मेडिकल कालेज में ईलाज के दौरान तोड़ा दम

हमीरपुर –ग्राम पंचायत दडूही के तहत बुरनाड़ गांव के व्यक्ति की रंगड़ों के काटने के बाद टांडा मेडिकल कालेज में मौत हो गई। व्यक्ति रंगड़ों के छत्ते को जलाने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। रंगड़ों के छत्ते को आग लगाने के बाद करीब छत्त से सात रंगड़ उसके सिर पर आकर बैठ गए। रंगड़ों के दंश के बाद व्यक्ति पेड़ से सीधे नीचे आ गिरा। इस कारण इसकी छाती व सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। गंभीर स्थिति में इसे टांडा मेडिकल कालेज रैफर किया गया था। वहां पर इसका आपरेशन भी किया गया। हालांकि आपरेशन के बाद भी व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुरनाड़ गांव का गोपाल रंगड़ों का छत्ता जलाने के लिए पेड़ पर चढ़ा था। बात करीब चार से पांच दिन पहले की है। रंगड़ों के छत्ते को आग लगाने के बाद व्यक्ति पेड़ से नीचे उतरने लगा। इतने में जलते हुए छत्ते से करीब छह से सात रंगड़ उड़कर व्यक्ति के सिर पर बैठ गए। उन्होंने इसे सिर पर काट लिया। रंगड़ों के काटने के उपरांत व्यक्ति हड़बड़ाहट में पेड़ से नीचे गिर पड़ा। हादसे में वह बुरी तरह गंभीर घायल हो गया। इसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज हमीरपुर लाया गया। यहां से उसे टांडा मेडिकल कालेज रैफर कर दिया गया था। टांडा में मरीज का आप्रेशन किया गया। कुछ दिन एडमिट रहने के बाद इसकी मौत हो गई। दडूही पंचायत की प्रधान ऊषा बिरला ने बताया कि व्यक्ति गरीब परिवार से संबंध रखता है। मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने के बाद इसके परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। मृतक के दो बच्चे हैं। प्रशासन की तरफ से भी यथासंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।