रजत को फ्री कानूनी मदद दिलाएगा मानव सेवा ट्रस्ट

By: Oct 14th, 2019 12:20 am

सुंदरनगर – उपमंडल सुंदरनगर के रजत को नीट परीक्षा पास करने के बाद एमबीबीएस में एडमिशन नहीं मिलने का मलाल है। बेशक होनी ने नीट पास रजत के दोनों हाथ छीन लिए हों, मगर उसके जज्बे को देखकर अब समाज के लोग व सामजिक संस्था रजत की मदद के लिए आगे आई है। सुंदरनगर के मानव सेवा ट्रस्ट को जब रजत के बारे में जानकारी प्राप्त हुई तो ट्रस्ट के चेयरमैन प्रकाश चंद बंसल ने रजत को न्याय दिलाने के लिए मुफ्त में कानूनी सहायता देने का निर्णय ले लिया। प्रकाश चंद बंसल पीडि़त परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया सहित अन्य खर्च के लिए भरोसा दिया। मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा मदद के लिए हाथ बढ़ाने के बाद रजत का परिवार काफी राहत महसूस कर रहा है। रजत के पिता जय सिंह ने कहा कि बुरे वक्त में उनका साथ मानव सेवा ट्रस्ट दे रहा है। उन्होंने कहा कि बेटों की परवरिश पर जो उनके पास था, वह लगा चुके हैं। उम्मीद थी कि रजत द्वारा नीट परीक्षा पास करने के बाद उनकी सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी, मगर समय की उल्टी दिशा ने सब कुछ उलट कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस मुद्दे को उठाया है। उसके बाद कुछ सामाजिक संगठन मदद के लिए आगे आए हंै, तो कुछ रजत की मुंह से बनाई गई पेंटिंग दुनिया के सामने लाना चाहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App