विक्रमादित्य के बाद नैहरिया दूसरे सबसे युवा विधायक

By: Oct 25th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह के बाद भाजपा के विशाल नैहरिया सबसे युवा विधायक होंगे। गुरुवार को उपचुनाव के नतीजों के बाद उन्होंने विधानसभा में अपनी जगह बना दी। हालांकि वर्तमान में कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ही विधानसभा में सबसे युवा हैं। अब दूसरे स्थान पर युवा विधायक भाजपा के विशाल नैहरिया होंगे। विशाल नैहरिया 32 वर्ष की उम्र में विधानसभा पहुंचे हैं, जबकि कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह 30 वर्ष की आयु में विधायक बने हैं। पच्छाद से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रीना कश्यप भी युवा विधायक हैं, वह 34 वर्ष की उम्र में विधानसभा पहुंची हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में इस वक्त कई युवा विधायक हैं, जो 40 वर्ष से भी कम के हैं। यहां तक कि विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज भी मात्र 36 वर्ष की आयु के हैं। इसी तरह से विधायक आशीष बुटेल, सुरेंद्र शौरी और विनोद कुमार 39 वर्ष के हैं। दूसरी तरफ विधानसभा में अब महिला विधायकों की संख्या पांच हो गई है। वर्तमान में शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, कांग्रेस विधायक आशा कुमारी, भाजपा विधायक रीता धीमान, कमलेश कुमारी और अब पच्छाद से रीना कश्यप जीत कर विधानसभा पहुंची हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App