वोट के लिए अब होगी डोर-टू-डोर दस्तक

By: Oct 20th, 2019 12:01 am

नाहन  – पच्छाद सीट पर शनिवार को शाम पांच बजे भले ही आधिकारिक रूप से चुनाव प्रचार की प्रक्रिया थम गई हो, परंतु क्षेत्र के चप्पे-चप्पे को भाजपा व कांग्रेस ने अपनी अंतिम रणनीति में शामिल कर लिया है।  शनिवार को प्रचार के अंतिम दिन जहां भाजपा सांसद सुरेश कश्यप व प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश भारद्वाज के नेतृत्व में राजगढ़ में शक्ति प्रदर्शन किया गया, वहीं आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी ने सराहां में शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस की ओर से पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने गंगूराम मुसाफिर के समर्थन में चुनाव प्रचार का सायं पांच बजे विधिवत पर्दा गिराया। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पच्छाद विधानसभा चुनाव के प्रभारी महेंद्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, राजीव सहजल, वीरेंद्र कंवर, नरेंद्र बरागटा, बलदेव भंडारी, चंद्रमोहन ठाकुर, बलदेव तोमर के अलावा जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता, पुरूषोत्तम गुलेरिया आदि ने जहां पच्छाद के चप्पे-चप्पे पर चुनाव प्रचार की प्रक्रिया अमल में लाई, तो वहीं कांग्रेस की ओर से विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सुख्खू, विधायक हर्षवर्धन चौहान, रामलाल ठाकुर, विनय कुमार, विक्रमादित्य सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी, पूर्व विधायक अजय बहादुर, पूर्व विधायक किरनेश जंग, पूर्व विधायक रोहित ठाकुर आदि ने कांग्रेस प्रत्याशी गंगूराम मुसाफिर के लिए वोट मांगे। भाजपा के लिए आजाद उम्मीदवार दयाल प्यारी ने चुनाव मैदान में उतरकर डगर को मुश्किल किया तो मुख्यमंत्री ने खुद उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रीना कश्यप के समर्थन में चार चुनावी रैलियां कीं। आजाद दयाल प्यारी भी भाजपा व कांग्रेस को टक्कर देने की पूरी कोशिश कर रही है। भाजपा जहां जीत के लिए आशान्वित है, तो कांग्रेस भाजपा की फूट के कारण जीत की आस में बैठी हुई है।

लूण-लोटा से परीक्षा

सिरमौर की तीन विधानसभा सीटें पच्छाद, श्रीरेणुकाजी व शिलाई ऐसी हैं, जहां पर मतदाताओं से लूण-लोटा की कसम खिलाई जाती है। ऐसे में अंतिम हथियार लूण-लोटा भी अब 36 घंटों में इस्तेमाल होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App