सीएम साहब! दो साल में कांगड़ा के लिए क्या किया

By: Oct 20th, 2019 12:20 am

विदेश से लौटते ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता जीएस बाली ने घेरी जयराम सरकार, बल दिखाकर एक मंच पर लाए कांग्रेसी

धर्मशाला –  पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जीएस बाली ने विदेश से लौटते ही चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मोर्चा संभालते हुए जयराम सरकार पर बड़ा हमला बोला। धर्मशाला में प्रेस वार्ता कर बाली ने कांग्रेस के नए व पुराने नेताओं को एक मंच पर लाकर जयराम सरकार पर धर्मशाला व कांगड़ा के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के समय में प्रदेश के मात्र एक ही जिला का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा व धर्मशाला की जनता के साथ जो प्रदेश सरकार ने किया है, जनता उपचुनाव में सरकार को उसकी सजा सुनाएगी।  बाली ने मुख्यमंत्री पर सियासी हमला करते हुए कहा कि जयराम बताएं कि पिछले दो साल में धर्मशाला व कांगड़ा के लिए उन्होंने क्या दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा मात्र मोदी के नाम पर वोट लेना चाह रही है, लेकिन जनता उन्हें सबक सिखाने के मूड़ में है। बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि उन्हें डर किस बात है कि पूरे चुनाव में सरकार व सरकार के अधिकारियों को यहां बिठाए रखा। मंत्री अधिकारियों एवं कमर्चारियों पर दबाब बनाकर क्यों वोट मांग रहे हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि मात्र एक जिला को प्राथमिकता दी जा रही है।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भी मुद्दों पर कभी बात ही नहीं करते। मुख्यमंत्री कहते फिरते हैं कि उनकी सरकार ने बहुत काम किया है। बाली ने कहा कि यदि इतना ही काम किया है, तो किस बात का डर है और क्यों सारी सरकार उपचुनाव में डटी हुई है। खुद मुख्यमंत्री आखिरी दिन भी खुद मोर्चे पर डटे हैं। बाली ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके राज में वोल्वो माफिया का जन्म हुआ है।सरकारी बसें खाली जा रही हैं और निजी वोल्वो हर जगह से सवारियां उठा रही हैं। सब सरकार की शह पर हो रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि 56 नेशनल हाई-वे का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार बताए कि काम कब शुरू होगा। सरकार ने शिलान्यास तो करवा दिया, लेकिन उसके बाद एक पत्थर भी नहीं लगा। बाली ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। राज्य में दस लाख से अधिक बेरोजगार हैं, लेकिन जयराम सरकार रोजगार के नाम पर कुछ नहीं कर पाई है। बाली ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही हर वर्ष 25 से 30 हजार लोगों को रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ेगी। उन्होंने सरकार से पूछा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बावजूद उस दिशा में अभी तक क्या किया गया। एयरपोर्ट, फोरलेन, आईटी पार्क, टांडा मेडिकल कालेज, रोप-वे व पर्यटन की अन्य परियोजनाएं जो कांग्रेस के समय में शुरू हुई थी उनका काम क्यों रोक दिया।  इस अवसर पर उनके साथ सांसद विप्लव ठाकुर, पूर्व मंत्री चंद्रेश कुमारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, आशीष बुटेल, राजेश धर्माणी, सतपाल रायजादा, ठाकुर सिंह भरमौरी, विवेक शर्मा, अजय महाजन,  सहित अन्य कांग्रेस के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री मौजूद थे।  पूर्व मंत्री चंद्रेश कुमारी ने लंबे समय बाद धर्मशाला मं कांग्रेस का मंच साझा करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान का आह्वान करते हुए प्रदेश सरकार से सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि पिछले दो सालोंे में धर्मशाला में चल रहे कार्यों को बंद क्यों करवा दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App