सीमेंट ढुलाई के लिए बढ़ेगी ट्रकों की संख्या

By: Oct 18th, 2019 12:02 am

 हमीरपुर -बरमाणा, दाड़लाघाट और सीमेंट प्लांटा बागा में सीमेंट व क्लींकर की ढुलाई में लगे ट्रकों की संख्या को हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम आने वाले समय में बढ़ा सकता है। अभी तक यहां ढुलाई कार्य में लगे करीब 1761 ट्रकों की संख्या पांच हजार तक की जा सकती है। ट्रकों की संख्या बढ़ाए जाने के पीछे मकसद पूर्व सैनिकों को अधिक से अधिक अजीविका के साधन उपलब्ध करवाना है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम पूर्व सैनिकों के ट्रकों को सूचीबद्ध ढंग से ढुलाई का कार्य प्रदान करके भी उनके लिए सेवानिवृत्ति के बाद आजीविका का साधन उपलब्ध करवा रहा है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम ने एसीसी सीमेंट फैक्टरी बरमाणा में उनके कुल उत्पाद का 40 प्रतिशत सीमेंट उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों तक पहुंचाने का कार्य लिया है। इसमें पूर्व सैनिकों के 1409 ट्रक कार्यरत हैं। वहीं अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट में सीमेंट/क्लींकर की ढुलाई में 227 ट्रक तथा अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा में पूर्व सैनिकों के 125 ट्रक कार्यरत हैं। निगम का प्रयास है कि ढुलाई कार्य में लगे इन कुल 1761 ट्रकों की संख्या को बढ़ाकर पांच हजार तक किया जाए, ताकि और अधिक सैनिकों के लिए अजीविका का रास्ता खुल सके। अगर ऐसा होता है, तो आने वाले समय में लगभग 3239 और पूर्व सैनिक लाभार्थी इसमें जुड़ जाएंगे। इसके साथ ही सुरक्षा गार्डों की संख्या को बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश पूर्व सैनिक निगम 92 विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं एवं केंद्रीय/राज्य सरकार के उपक्रमों में समझौता अनुबंध आधार पर सुरक्षा सेवा उपलब्ध करवा रहा है। नियुक्त किए गए सुरक्षा गार्डों की संख्या लगभग 700 है और निगम का प्रयास है कि इसे बढ़ाकर उत्तराखंड एवं पंजाब के समकक्ष लाया जाए। बता दें कि उत्तरखंड में इनकी संख्या 20 हजार, जबकि पंजाब में 15 हजार है। प्रदेश सरकार द्वारा निगम को पूर्व सैनिकों को सुरक्षा सेवाओं में आऊटसोर्स आधार पर विभिन्न विभागों, बोर्डों, संस्थाओं एवं केंद्रीय/राज्य सरकार के उपक्रमों में सुरक्षा सेवा हेतु प्रायोजित करने के लिए नोडल एजेंसी घोषित किया गया है। प्रदेश में लगभग एक लाख 17 हजार पूर्व सैनिक, 33 हजार सैनिक विधवाएं और एक हजार वीर नारियां हैं। रि. ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, चेयरमैन हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम ने बताया कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित विविध विषयों पर ठोस कदम उठा रही है। पूर्व सैनिक निगम ने सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा है कि विभिन्न सीमेंट प्लांट में ढुलाई कार्य में लगे ट्रकों की संख्या और सिक्योरिटी गार्डों की संख्या को बढ़ाया जाए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App