सुजानपुर में बांटीं सिलाई मशीनें

कार्यक्रम के दौरान धूमल बोले, हर वर्ग तक पहुंचाई जाएंगी सरकारी योजनाएं

सुजानपुर – केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का फायदा  हमें मिले, मुझे मिले, तक सीमित न रहे, सबको मिले ऐसी सोच भाजपा की है और हमारी है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को सुजानपुर में आयोजित सामाजिक  न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कही। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि  विभाग की  योजनाओं का जो फायदा लोग ले रहे हैं और ले चुके हैं वह उन लोगों को भी जागरूक करें, जो फायदा लेने से अभी वंचित हैं। उन्होंने कहा कि  विभाग द्वारा  समाज के हर वर्ग को सुविधा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस मौके पर  लाभान्वित परिवारों को योजनाओं का सीधा फायदा पहुंचाया गया है। इससे पहले यहां पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का जिला कल्याण अधिकारी संजीव कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी राकेश पुरी, जिला खाद्य नियंत्रक शिवराम राही, तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया, नगर परिषद अधिकारी संजय कुमार के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुख्यातिथि ने पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को विभाग योजनाओं का फायदा पहुंचाते हुए सम्मानित किया। इस मौके पर मकान बनाने वालों को राशि अन्य लोगों को सिलाई मशीन, विवाह-शादियों के लिए मिलने वाली नकद राशि और उज्जवला योजना के तहत घरेलू गैस कनेक्शन निःशुल्क बांटे गए। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष महामंत्री अनिल शामा, मंडल उपाध्यक्ष अंकुश गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र ठाकुर, भाजपा नेता प्रकाश सुडियाल, मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष सुमन महाजन, महासचिव सुधीर भटनागर, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक मेहरा के साथ-साथ गणमान्य लोग उपस्थित रहे।