सुधीर ने कांग्रेस के खिलाफ काम किया

By: Oct 24th, 2019 12:03 am

कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने पूर्व मंत्री के विरुद्ध खोला मोर्चा, धर्मशाला में सियासी घमासान

धर्मशाला— बुधवार को समर्थकों के साथ पत्रकारों से रू-ब-रू कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण

धर्मशाला     – विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने से पहले ही कांग्रेस में घमासान शुरू हो गया है। बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने पुराने कांग्रेसी पदाधिकारियों के साथ एक प्रेस वार्ता कर सीधे-सीधे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में पूर्व मंत्री ने कांग्रेस के खिलाफ काम किया और उनके पोलिंग स्टेशन पर कांग्रेस का बूथ तक नहीं लगा। उपचुनाव में हुए पूरे घटनाक्रम को लेकर एक रिपोर्ट तैयार कर कांग्रेस हाइकमान को भेज दी गई है और उपचुनाव में कांग्रेस के खिलाफ काम करने वालों की सूची तैयार कर कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री भाजपा से राज्यसभा की सीट मांग रहे हैं। विजय इंद्र कर्ण ने कहा कि भाजपा ने यह चुनाव धनबल और सत्ता के बूते लड़ा है, लेकिन जीत कांग्रेस की ही होगी। उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व ब्लाक अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों से मिलकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि जब पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने धर्मशाला से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया, तो पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने को कहा और उन्होंने चुनाव लड़ा। विजय कर्ण ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री की जनसभाओं में भी जो भीड़ जुटाई, वह विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों से लाकर ही जुटाई थी। इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दिग्विजय पुरी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नहीं, एक व्यक्ति के विरोध में  पिछली बार  विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार वह पार्टी के साथ थे। उधर, विजेंद्र करण ने भी कहा कि जो लोग कांग्रेस पार्टी के पुराने सिपाही हैं, उन सभी ने उनका पूरा साथ दिया है। इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश धीमान, नगर निगम के मेयर व प्रदेश कांग्रेस के महासचिव देवेंद्र जग्गी, पूर्व अध्यक्ष राकेश धीमान सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अपने घर समर्थक बुलाए, पर मुझे नहीं

विजय इंद्र कर्ण ने कहा कि उपचुनाव में उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से लेकर तमाम कांग्रेस नेताओं का साथ मिला, लेकिन पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने उनके साथ एक भी दिन प्रचार नहीं किया। उन्होंने मात्र अंतिम दिन अपने घर पर अपने समर्थकों को बुलाया, जिसमें भी कांग्रेस प्रत्याशी होने के बावजूद उन्हें नहीं बुलाया और न ही पार्टी सह-प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली को बुलाया।

आज दोपहर तक तस्वीर साफ

विधानसभा उपचुनाव के नतीजे गुरुवार को आएंगे। मतगणना से पहले बुधवार को धर्मशाला कालेज के प्रयास भवन में पूर्वाभ्यास किया गया। गुरुवार को दोपहर तक तस्वीर साफ हो जाएगी और धर्मशाला को नया विधायक मिल जाएगा। यहां करीब 14 टेबल लगाए गए हैं। सबसे पहले सर्विस व पोस्टल वोटों की गिनती होगी। इसके बाद राउंड बाइज गिनती का दौर चलेगा। प्रत्येक टेबल पर एक काउंटिंग सुपरिवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट व एक माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App