हरियाणा में मतदान आज, युवाओं में जोश

By: Oct 21st, 2019 12:10 am

चुनाव प्रचार के बाद अब जनता की बारी; ईवीएम में कैद हो जाएगा फैसला, 24 अक्तूबर को आएंगे परिणाम

पंचकूला –हरियाणा में चुनाव प्रचार में जुटे नेताओं के बाद अब जनता की बारी है। राज्य के वोटर अब उन तमाम नेताओं के भाग्य विधाता होंगे, जो मंत्री/विधायक बनने की आस में दर-दर जाकर वोट मांग रहे थे। राज्य में आज यानी सोमवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। जनता के फैसले का खुलासा 24 अक्तूबर को होगा और तय होगा कि किस दल और नेताओं की दीवाली पटाखों से भरी होगी और किसके पटाखे फूटेंगे। वहीं, राज्य में वोटिंग के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हरियाणा में एक पखवाड़े से चला आ रहा चुनाव प्रचार शनिवार शाम को खत्म हो गया था। इसके साथ ही सभी 90 हलकों में प्रत्याशियों के प्रचार में दौड़ रहे वाहनों के पहिए थम गए। वहीं, प्रचार की समय सीमा खत्म होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर सियासी दलों से जुड़े सभी बाहरी नेताओं और कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्र से बाहर करने के लिए अभियान चलाया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के बाहरी वर्कर व नेता गेस्ट हाउस, स्थानीय कार्यकर्ताओं के घरों में ठहरे हुए हैं।

75 हजार जवान देंगे सेवाएं

राज्य के डीजीपी मनोज यादव का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है। चुनाव ड्यूटी में अर्धसैनिक बलों की 130 कंपनियों के साथ 75 हजार पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। सभी रेंज एडीजीपी/आइजी, पुलिस आयुक्त और एसपी अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

बॉर्डर सील, ठेके बंद

विधानसभा चुनाव के मद्देनतर उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली सहित तमाम राज्यों से जुड़ी हरियाणा की सीमाएं सील कर दी गई हैं। पूरे प्रदेश में शराब ठेके बंद कर दिए गए हैं और दूसरे राज्यों में भी हरियाणा से सटे तीन किलोमीटर के क्षेत्र में शराब की बिक्री बंद रहेगी। हरियाणा पुलिस के साथ सुरक्षा बलों की टुकडि़यां फ्लैग मार्च कर रही हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

हर जगह निगरानी कर रही पुलिस

किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए 21 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जिलों में लगाया गया है। प्रत्याशियों द्वारा नकदी, शराब व प्रलोभन की अन्य वस्तुओं के वितरण को रोकने के लिए फ्लाइंग स्कवॉड और निगरानी टीमों ने चेकिंग तेज कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App