हिमाचल का ज्ञान चाहिए तो प्रदर्शनी मैदान आइए

By: Oct 14th, 2019 12:20 am

खेत-खलिहानों से लेकर जैविक संपदा तक की जानकारी एक ही स्थान पर

भुंतर – अगर आपने देवभूमि हिमाचल के खेतों और जंगलों की अनमोल जैविक संपदा को नहीं जाना है और अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा देखने आइए। उत्सव के तहत प्रदर्शनी मैदान में लगी सरकार के विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी में समूचे प्रदेश की अद्भुत झलक देखने को मिल रही है। यहां लगे स्टालों में हर विभाग के कामकाज का ब्यौरा उपलब्ध है तो प्रदेश अनमोल धरोहर से भी रू-ब-रू होने का मौका मिल रहा है। लिहाजा, प्रदेश के जिस खजाने के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए लोग भटकते हैं, उन्हें दशहरा उत्सव का प्रदर्शनी मैदान सुनहरा मौका प्रदान कर रहा है। उत्सव के दौरान ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क व वन विभाग की लगी प्रदर्शनी में जंगलों में पाई जाने वाली बहुमूल्य वन संपदा के बारे में जानकारी दी जा रही है। यहां पर जंगलों में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की जड़ी-बूटियों को प्रदर्शनी के लिए रखा गया है और हर रोज सैकड़ों लोग इनके बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसके अलावा एक डाक्यूमेंटरी फिल्म के जरिए भी जैविक संपदा का ज्ञान मिल रहा है। कृषि एवं बागबानी विभाग सहित नौणी विवि के स्टॉल में सेब-टमाटर से लेकर हर नकदी फसल के बारे में जानकारी दी जा रही है तो जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ रहने वाले किसानों-बागबानों की फसलों को प्रदर्शन के लिए भी रखा गया है। स्टॉल में पारंपरिक फसलों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में लोगों को हाल ही चलाई गई सरकार की योजनाओं के बारे में ब्यौरा प्रदान की जा रहा है और लोगों को बीमारियों की रोकथाम के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। मैदान में लोक निर्माण विभाग और सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के स्टॉल भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन स्टॉलों में दोनों ही विभागों की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है तो लोनिवि द्वारा बनाए गए भवनों व सड़कों के साथ आईपीएच की योजनाओं के फोटोचित्र भी रखे गए हैं। इसके अलावा अन्य विभागों की गतिविधियों का लेखा-जोखा यहां मिल रहा है। जानकारी के अनुसार अनुसार लोग एक छत के नीचे नई योजनाओं सहित अपनी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता एस के धीमान ने बताया कि हर साल दशहरा में प्रदर्शनी के जरिए विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाती है और इस बार भी स्टॉल लगाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App