131 युवा बने कांस्टेबल

By: Oct 19th, 2019 12:20 am

मंडी की पुलिस भर्ती में खाली रह गए कांस्टेबल के 21 पद

मंडी –मंडी जिला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इंटरव्यू के बाद महिला व पुरुष कांस्टेबल और चालक के पदों का परिणाम घोषित कर दिया गया है। हैरत की बात तो यह है कि बेरोजगारों की लंबी चौड़ी फौज होने के बाद भी पुलिस भर्ती के सभी पद नहीं भर सके हैं। पुलिस भर्ती में 21 पद नहीं भरें जा सके  हैं, जिसमें महिला कांस्टेबल के पांच, पुरुष कांस्टेबल के दस और चालकों के छह पद नहीं भरे जा सके हैं, जबकि अन्य पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों की सूची पुलिस विभाग ने जारी कर दी है, जिसके बाद मंडी जिला के 131 युवा-युवतियों का अब खाकी पहनने का सपना पूरा हुआ है। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के इंटरव्यू के लिए 152 महिला और पुरुष कांस्टेबल पदों के लिए 390 उम्मीदवार बुलाए गए थे, जिनका मौखिक साक्षात्कार पुलिस लाइन मंडी में लिया गया। पुलिस अधीक्षक गुरुदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस कांस्टेबल पदों के लिए इंटरव्यू दस अक्तूबर से शुरू किए गए थे, जो कि अब समाप्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मेल उम्मीदवारों के 99 पदों के लिए इंटरव्यू लिया गया, जिसमें 89 उम्मीदवारों को चयनित किया गया, जबकि दस पद खाली रह गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह से महिला 35 पदों के लिए इंटरव्यू के लिए बुलाई गई थी, जिसमें 30 पदों पर महिला कांस्टेबलों की भर्ती की गई है, जबकि ड्राइवरों के 18 पदों में से 12 पदों के लिए चालक उम्मीदवारों का चयन किया गया है और छह चालक पद खाली रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल 152 कांस्टेबल पदों के लिए महिला और पुरुष उम्मीदवारों को बुलाया गया था, जिसमें 131 पद पदों के लिए महिला-पुरुष कांस्टेबल का चयन कर लिया गया है, जबकि 21 पद खाली रह गए हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रिजल्ट भेज दिया गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App