20 करोड़ रुपए की मूर्ति

By: Oct 4th, 2019 12:06 am

यूं तो दुर्गा पूजा पर एक से बढ़कर एक दुर्गा प्रतिमाएं देशभर में बनती हैं और चर्चा का विषय बनती हैं, लेकिन इस बार एक दुर्गा पंडाल ने पूरे देश का ध्यान अपनी और खींचा है। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के भक्तिमय माहौल के बीच कोलकाता की एक दुर्गा उत्सव समिति ने माता दुर्गा की मूर्ति पर 50 किलो सोना लगाया है। दुर्गा माता की मूर्ति और पंडाल में जितना सोना लगा है, उसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है। संतोष मित्र स्क्वायर पर बने पंडाल में लगी यह मूर्ति 13 फुट ऊंची है। इसकी सुरक्षा में भारी मात्रा में पुलिस बल लगाया गया है। सोने से जड़ी दुर्गा की इस मूर्ति पर हर तरह से नजर रखी जाती है। समिति के सचिव सजल घोष ने एक एजेंसी को बताया कि माता को सिर से पैर तक सोने की परतों से मढ़ा गया है। उन्होंने दावा किया कि संभवतः इस नवरात्र में यह देश में सबसे महंगी मूर्ति है। माता की सवारी शेर और महिषासुर को भी सोने से सजाया गया है। सोने से सजे हुए शेर एक अलग ही आभा प्रस्तुत करते हैं, जो लोगों को प्रभापित कर रहा है। दुर्गा पूजा में सोने से सजे इस महंगे पंडाल में दर्शन के लिए लोगों की लाइन लगी रहती है। यहां भगदड़ न मचे, इसके लिए लोगों को गेट पर ही रोका जाता है। बाद में धीरे-धीरे सबको दर्शन कराए जाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App