202 ईवीएम में कैद होगी 12 की किस्मत

By: Oct 19th, 2019 12:03 am

पच्छाद के लिए 136-धर्मशाला के लिए रवाना होंगी 89 पोलिंग पार्टियां, 13 सौ कर्मचारी संभालेंगे मोर्चा

शिमला – धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां शनिवार को रवाना होंगी। पच्छाद के लिए 136 और धर्मशाला के लिए 89 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। करीब 13 सौ कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर रहेंगे। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 202 पोलिंग स्टेशन हैं और 202 ईवीएम में प्रत्याशियों की किस्मत की घंटी बजेगी। राज्य निर्वाचन विभाग के मुताबिक 41 अतिरिक्त ईवीएम भी पहुंचाई गई हैं। कोई ईवीएम खराब होने की स्थिति में अतिरिक्त ईवीएम का प्रयोग कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक पच्छाद विधानसभा के 113 पोलिंग स्टेशन के लिए 148 ईवीएम और 168 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं, जबकि धर्मशाला में पहली बार एम-3 ईवीएम के माध्यम से वोटिंग होगी। बताया गया कि एम-3 ईवीएम का प्रयोग करने के बाद वीवीपैट की आवश्यकता नहीं रहती। जानकारी के मुताबिक पहली बार इस ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा। 21 अक्तूबर को  मतदान के दिन सुबह सात बजे मॉकपोल भी करवाया जाएगा, जो सभी राजनीतिक दलों के सामने होगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने किसी भी ईवीएम से मॉकपोल होगा। इसके साथ-साथ उपचुनाव शांतिपूर्वक करवाने के लिए राज्य पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर दी है। आर्म्ड फोर्स, पैरामिलिट्री फोर्स और हिमाचल पुलिस के जवान हर पोलिंग बूथ पर मोर्चा संभालेंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथ पर अतिरिक्त पुलिस जवान मोर्चे पर रहेंगे। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक प्रदेश पुलिस ने गृह मंत्रालय ने आर्म्ड फोर्स दे दी है। इसके साथ-साथ स्थानीय पुलिस जवान भी तैनात रहेंगे। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में कुल 89 पोलिंग स्टेशन हैं, जिसमें दस संवेदनशील और चार अतिसंवेदनशील बूथ हैं, जबकि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 113 पोलिंग स्टेशन हैं, जिसमें 13 संवेदनशील स्टेशन हैं। यहां अतिसंवेदनशील पोलिंग स्टेशन नहीं हैं।

हर आती-जाती गाड़ी की चैकिंग

धर्मशाला और पच्छाद में उपचुनाव में कोई अशांति न फैले, इसके लिए हिमाचल पुलिस अंतरराज्यीय सीमाओं पर हर गाड़ी की चैकिंग कर रही है। खासकर हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से लगती सीमाओं पर पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। कुल मिलाकर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में एक हजार दस पुलिस जवान ड्यूटी देंगे। अंतरराज्यीय सीमाओं पर पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है। 21 अक्तूबर को सुबह आठ से सायं पांच बजे तक पोलिंग होगी, जबकि 24 अक्तूबर को मतगणना की जाएगी। जिला कांगड़ा और सिरमौर में 27 अक्तूबर तक आचार संहिता लागू रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App