अंबोटा के दो खिलाड़ी खेलेंगे नेशनल

By: Nov 14th, 2019 12:28 am

पोर्ट ब्लेयर में होने वाली फुटबाल प्रतियोगिता में मनवाएंगे प्रतिभा का लोहा

गगरेट –राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक मॉडल स्कूल अंबोटा के दो उभरते खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पोर्ट ब्लेयर में आयोजित होने वाली फुटबाल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। राष्ट्र स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में ये खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर आयोजित हुई फुटबाल प्रतियोगिता में इनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर इनका चयन प्रदेश की अंडर-19 फुटबाल टीम के लिए हुआ है। हिमाचल प्रदेश स्कूल क्रीड़ा संघ के तत्त्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में अंबोटा स्कूल के हर्ष कुमार व अनिरुद्ध ने जिला ऊना का प्रतिनिधित्व किया था। अनिरुद्ध कुमार जिला ऊना की फुटबाल टीम में गोलकीपर था और हर्ष सेंटर फारवर्ड खेलता है। कांगड़ा में हुई राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में इन दोनों खिलाडि़यों ने अपने बेहतरीन खेल से चयनकर्ताओं को भी प्रभावित किया और दोनों खिलाडि़यों का चयन राष्ट्र स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी अति निर्धन परिवारों से संबंधित हैं, लेकिन फुटबाल के प्रति इनके जनून के चलते ही आज इन्हें राष्ट्र स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। स्कूल के प्रधानाचार्य केके शर्मा ने राष्ट्र स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित इन खिलाडि़यों को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमाचल प्रदेश की फुटबाल टीम राष्ट्र स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करके प्रदेश का नाम रोशन करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App