अब नई लिस्ट लेकर दिल्ली जाएंगे राठौर

By: Nov 25th, 2019 12:01 am

शिमला – अपनी नई कार्यकारिणी की सूची लेकर कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर दिल्ली जाएंगे। दिल्ली में इस सूची पर आखिरी मुहर लगेगी, जो नाम इस सूची में डाले गए हैं, उन पर प्राथमिक चर्चा का दौर पूरा हो चुका है, जिसके बाद उम्मीद है कि जल्दी ही इस सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उधर महाराष्ट्र के विवाद के चलते कार्यकारिणी की घोषणा में देरी हो सकती है। अभी कांग्रेस के नेता रामलाल ठाकुर भी दिल्ली चले गए हैं, जिनकी सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात प्रस्तावित है। वह देखेंगे कि सोनिया गांधी से मुलाकात हो जाए, जिसके लिए उन्हें वहां रुकना भी पड़ सकता है। रविवार को रामलाल ठाकुर चंडीगढ़ में थे। हालांकि उन्होंने संगठन की कारगुजारियों के साथ विधानसभा उपचुनाव में हार को लेकर बातचीत करनी है, लेकिन कुछ दूसरे मुद्दे भी यहां उठ सकते हैं। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह के अंत तक वह दिल्ली जा सकते हैं, क्योंकि उनका खाका लगभग तैयार हो चुका है। वैसे भी 14 दिसंबर को कांग्रेस दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार के खिलाफ देशव्यापी रैली करने जा रही है, जिसमें प्रदेश से कितने कार्यकर्ता जाएंगे और उनकी व्यवस्था किस तरह की रहेगी, इस पर भी चर्चा होनी है। पहले 30 नवंबर को यह रैली प्रस्तावित थी, जो कि अब अगले महीने होगी। बता दें कि सोनिया गांधी से मिलने का समय रामलाल ठाकुर ने मांगा था, जिसके बाद वह दिल्ली गए हैं, लेकिन महाराष्ट्र के विवाद के चलते उनकी मुलाकात होगी या नहीं इस पर संशय भी बरकरार है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App