अर्थव्यवस्था पर घमासान

By: Nov 19th, 2019 12:08 am

सरकार का संसद में जवाब, भारत की रफ्तार जी-20 देशों में सबसे ज्यादा

नई दिल्ली – देश की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत पांच फीसदी की आर्थिक सुस्ती से नहीं जूझ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से आगे बढ़ रही है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय  के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि साल 2014-19 के बीच में जीडीपी ग्रोथ 7.5 फीसदी रही है, जो कि जी-20 देशों में सबसे अधिक है। संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं, इसमें बैंकों के विलय से लेकर उद्योगों को टैक्स छूट तक शामिल है। आम आदमी पार्टी के सांसद भगवत मान सिंह द्वारा अर्थव्यवस्था में सुस्ती को लेकर उठाए गए सवाल के जवाब में श्री ठाकुर ने कहा कि अर्थव्यवस्था में पांच फीसदी की गिरावट नहीं है। आपको यह आंकड़ा कहां से मिला? हमें भी दिखाएं। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि दुनियाभर के कई देशों में आर्थिक सुस्ती का दौर चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद भारत अभी भी तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 2025 तक भारत पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस दौरान बीते कुछ समय में केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक मोर्चे पर उठाए गए कुछ बड़े कदमों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई छोटे बैंकों को बड़े बैंकों में विलय किया गया है।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का दावा देश की हालत बेहद गंभीर

नई दिल्ली – देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि विकास की दर पिछले 15 सालों के न्यूनतम स्तर पर पहुंच चुकी है, बेरोजगारी दर 45 सालों के उच्चतम स्तर पर है, घरेलू मांग चार दशक के निचले स्तर पर है, बैंक पर बैड लोन का बोझ सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच चुका है, इलेक्ट्रिसिटी की मांग 15 सालों के न्यूनतम स्तर पर पहुंच चुकी है, कुल मिलाकर अर्थव्यवस्था की हालत बेहद गंभीर है। उन्होंने अपने एक लेख में कहा है कि साथ में यह भी कहा कि यह बात मैं विपक्ष के नेता के रूप में नहीं कह रहा हूं। मनमोहन सिंह का बयान ऐसे समय में आया है जब देश के वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन कहा कि देश की आर्थिक हालत ठीक है। जीडीपी 7.5 फीसदी की रफ्तार से विकास कर रही है, जो जी-20 देशों में सबसे ज्यादा है। मनमोहन सिंह ने अपने लेख में साफ-साफ कहा है कि देश की तमाम संस्थाओं और सरकार के प्रति लोगों का विश्वास कम हुआ है। आर्थिक सुस्ती के लिए ये प्रमुख कारणों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था वहां की सामाजिक स्थिति को दर्शाती है। अर्थव्यवस्था के लिए यह बेहद महत्त्वपूर्ण होता है कि उस देश के लोग वहां के संस्थानों पर कितना भरोसा करते हैं। यह संबंध जितना मजबूत होगा, अर्थव्यवस्था की नींव उतनी मजबूत होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App