आठ रुपए किलो बिकी कुल्लू की फूलगोभी

By: Nov 8th, 2019 12:20 am

इन्वेस्टर मीट के चलते पुलिस प्रशासन ने रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर लगाई पाबंदी

कांगड़ा – कुल्लू के किसानों की फूलगोभी गुरुवार को कांगड़ा सब्जी मंडी में आठ रुपए किलो बिकी, तो उनमें निराशा थी। दरअसल धर्मशाला में इन्वेस्टर मीट के चलते पुलिस प्रशासन ने रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर पाबंदी लगा दी, तो इसका असर कांगड़ा सब्जी मंडी पर भी पड़ा। तो अन्य सब्जियों के साथ-साथ दस-12 दिन पहले 80 रुपए किलो बिकने वाली फुलगोभी आज आठ  रुपए किलो बिकी। जहां तक रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों का सवाल है, तो  प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पिछले दिनों कांगड़ा दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों को  दिशा निर्देश दिए थे कि  उनके आगमन पर रेहड़ी-फड़ी वालों को तंग ना किया जाए, लेकिन आज वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान रेहड़ी फड़ी वालों  पर दिहाड़ी कमाने की पाबंदी लगा दी गई। पुलिस के इस फरमान के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से यहां सब्जी बेचने आने वालों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।  कांगड़ा सब्जी मंडी का सवाल है, तो ग्राहकों के न आने की वजह से आढ़तियों में निराशा थी।  10-12 दिन पहले 80 रुपए किलो बिकने वाली फुलगोभी जहां आठ रुपए किलो बिकी, तो 150 रुपए किलो बिकने वाली शिमला मिर्च भी 40 रुपए किलो तक रह गई। दस-15 दिन पहले जो धनिया 300 से 400 रुपए किलो बिका, वह आज मंडी में 30 रुपए किलो उपलब्ध था । आढ़तियों के मुताबिक आज 30 फीसदी  माल ही मंडी में बिक पाया। आढ़ती एसोसिएशन कांगड़ा के प्रधान इंद्रजीत सिंह का कहना था कि हिमाचल में इन्वेस्टर आए उनका स्वागत है, लेकिन गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों का धंधा भी चलते रहना चाहिए और किसान भी खुशहाल होने चाहिए। उ रेहड़ी फड़ी यूनियन के प्रधान संजय राणा का कहना है कि आखिर इनका कसूर क्या है। न्यायपालिका भी ऐसे रेहड़ी-फड़ी वालों को रोजी-रोटी कमाने का अधिकार देती है, तो फिर उन्हें बेवजह क्यों तंग किया जाता है।  भाजपा नेता मनीष शर्मा ने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि रेहड़ी फड़ी वाले कंर्फ्टेबल रहें और रोजी-रोटी कमाए, इस बारे वे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से  चर्चा करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App