इलाज के नाम धर्मपरिवर्तन

By: Nov 18th, 2019 12:04 am

परागपुर के कौलपुर में ग्रामीणों ने जड़ा आरोप, किया हंगामा

कांगड़ा –कांगड़ा के ब्लॉक खंड परागपुर स्थित पंचायत कौलपुर के एक गांव में उस समय हंगामा हो गया, जब क्षेत्र के कुछ लोगों ने एक घर में चल रहे विशेष धर्म के कार्यक्रम को इलाज के नाम पर धर्मांतरण करवाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए बंद करवा दिया। दोनों पक्षों में काफी देर तक बहस होती रही। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। क्षेत्रवासियों का आरोप था कि हर माह के दूसरे रविवार को गांव में यमुनानगर से संबंधित तेजस्वी कालिस्या नामक संस्था द्वारा कई रोगों के इलाज के नाम पर धर्मांतरण करवाने का खेल पर्दे के पीछे चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि कुछ मृत लोगों को भी प्रार्थना से जीवनदान मिला है और अब वह ठीक हैं। उन्होंने बताया कि यहां गांव में ही करीब सात वर्षों से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वैसे तो यहां लोग अपना उपचार करवाने आते हैं, परंतु आशंका है कि यहां के भोले भाले लोगों का इलाज के नाम पर धर्मपरिवर्तन किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजक निशा पत्नी रोहताश कंबोज निवासी जगाधरी यमुनानगर ने बताया कि वह और उसके पति यहां आकर भगवान यशु से लोगों के दुख-दर्द दूर करने की प्रार्थना करते हैं, जिससे यहां के काफी लोगों को लाभ हुआ है। डीएसपी ज्वालामुखी तिलक राज शर्मा ने बताया कि धर्म परिवर्तन की बात सामने नहीं आई है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App