इस साल एक लाख से ज्यादा भर्तियां

नई दिल्ली – चारों तरफ बेरोजगारी की बात हो रही है। ऐसे में कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में जानकारी दी कि पहली मार्च, 2018 तक केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में करीब सात लाख पद खाली हैं। ग्रुप सी में 574289 पद खाली हैं। ग्रुप बी में 89638 पद खाली हैं और ग्रुप ए में 19896 पद खाली हैं। खाली पदों की कुल संख्या 688823 है। उन्होंने कहा कि 2019-20 में स्टॉफ सिलेक्शन कमिशन 105338 पदों के लिए बहाली करने जा रहा है। जितेंद्र सिंह ने कहा कि 2017-18 के दौरान रेलवे मंत्रालय और रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड की तरफ से सेंट्रलाइज्ड एंप्लॉयमेंट नोटिफिकेशन के तहत 127573 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इसके अलावा 2018-19 में ग्रुप सी और लेवल-1 पोस्ट के लिए पांच सेंट्रलाइज्ड एंप्लॉयमेंट नोटिफिकेशन जारी किए गए, जिसके जरिए 156138 वेकंसी बताई गई है। कुल मिलाकर 408591 वेकंसी भरने की प्रक्रिया जारी है। जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि रिक्रूटमेंट प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए पहली जनवरी, 2016 से कई वेकंसी के लिए इंटरव्यू को बंद कर दिया गया। ज्यादातर टेस्ट ऑनलाइन लिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एससीए एसटी और ओबीसी कैटेगरी के लिए रिजर्व्ड बैकलॉग वेकंसी भी बड़ी संख्या में है।