एक झंडे तले आएं सभी मुलाजिम

By: Nov 21st, 2019 12:03 am

शिमला – अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने बुधवार को अपना 53वां स्थापना दिवस मनाया। शिमला के कालीबाड़ी हॉल में प्रदेशाध्यक्ष विनोद कुमार की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने अपने दिवंगत साथियों को याद किया और उनकी स्मृति में पुष्प अर्पित किए।  कर्मचारी महासंघ का लंबा इतिहास है। प्रदेश के कर्मचारी आज ही के दिन एकजुट हुए थे, जिन्होंने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करवाने के लिए लंबा संघर्ष किया। इस दिन को स्वर्गीय मधुकर की याद में मनाया जाता है। हालांकि वर्तमान में कर्मचारी महासंघ टुकड़ों में बंट चुका है और कर्मचारी खुद राजनीति का शिकार हो रहे हैं, फिर भी संगठनात्मक एकता के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कालीबाड़ी हॉल में जुटे कर्मचारी नेताओं ने आज के दिन सभी को एकजुटता का संदेश दिया। विनोद कुमार ने कहा कि सरकार से कर्मचारियों की मांगों को लेकर लगातार बात की जा रही है। कर्मचारी वर्ग चाहता है कि  जेसीसी का गठन किया जाए और जेसीसी की बैठक में सरकार उनकी बातों को सुने। महासंघ को मान्यता दी जाए, ताकि कर्मचारी महासंघ कर्मचारी मसलों को सरकार से उठा सके। यहां कर्मचारियों ने अपनी मांगों को उठाया और सरकार से आग्रह किया कि वह समन्वय बनाने के लिए आगे आए। इस दौरान मांग पत्र पर भी चर्चा की गई और पुराने साथियों को श्रद्घांजलि अर्पित की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App