कत्था भट्ठी में अग्निकांड, लाखों गर्क

By: Nov 18th, 2019 12:04 am

हमीरपुर में इमारती लकड़ी और झुग्गी-झोंपडि़यां भी जलीं

हमीरपुर –ग्राम पंचायत पुरली के बौड़ू नामक स्थान पर लगाई गई कत्था भट्ठी भीषण अग्निकांड की भेंट चढ़ गई। यहां रखी इमारती लकड़ी सहित लेबर के लिए बनाई गई दर्जनों झुग्गी-झोंपडि़यां भी आग की चपेट में आकर राख हो गईं। यह भीषण अग्निकांड गत शुक्रवार सुबह तड़के हुआ है। जब मालिक मौके पर पहुंचा, तो सब कुछ जलकर राख हो चुका था। माना जा रहा है कि किसी शरारती तत्त्व ने जानबूझ कर यहां आग लगाई है। जब आग लगाई गई, तो झुग्गी-झोंपडि़यों में लेबर नहीं थी। इसके चलते आगजनी का पता नहीं चला सका तथा पूरी कत्था भट्ठी व झोंपडि़यां जलकर राख हो गईं। भीषण अग्निकांड में करीब आठ से दस लाख का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि इस अग्निकांड की सूचना फायर ब्रिगेड को नहीं दी गई। जब तक पता चला सब जल चुका था। जानकारी के अनुसार पुरली गांव के नारायण दास ने बौडू में कत्था भट्ठी लगा रखी थी। इस भट्ठी के संचालन के लिए लेबर भी रखी गई थी। शुक्रवार रात को ही किसी भट्ठी में आग लगा दी। गांव से कुछ दूरी पर होने के कारण आगजनी का पता नहीं चला। ग्राम पंचायत प्रधान पुरली विजय पाल ने बताया कि आगजनी में कत्था भट्ठी जल गई है। अग्निकांड में कत्था भट्ठी के मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पीडि़त व्यक्ति को हर संभव सहायता देने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App