कुल्लू में गरजी कांग्रेस

By: Nov 9th, 2019 12:28 am

महंगाई-बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरी भाजपा सरकार रैली निकाल किया विरोध प्रदर्शन, जमकर लगाए नारे

कुल्लू –बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जनविरोधी नीतियों, बैंकिंग सिस्टम के पतन व आर्थिक मंदी के विरोध में शुक्रवार को अखाड़ा से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश व केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, उपायुक्त कार्यालय के बाहर अपने संबोधन में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने जमकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंचायतों से उनके हक छीने जा रहे हैं। अगर किसी भी प्रोजेक्ट के लिए उस पंचायत के एनओसी की अनुमति की जरूरत नहीं होगी तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह से पंचायत को दरकिनार करना सहन नहीं किया जाएगा। पंचायत को उसका हक मिले। इसके लिए कांग्रस पूरी लडा़ई लडे़गा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हंै कि हिमाचल उनका दूसरा घर है, जबकि दो बार अपने दूसरे घर आने के बाद भी उन्होंने अभी तक हिमाचल वासियों को कुछ नहीं दिया केवल जुमला ही थमाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को आर्थिक पैकेज देना चाहिए था। उन्होंने इन्वेस्टर मीट में आए देशभर के उद्योगपतियों की ओर से किए गए संबोधन पर चुटकी ली और कहा किकुछ उद्योगपतियों ने तो प्रदेश सरकार को शुभकामनाएं ही दीं।  उन्होंने कहा कि आज महंगाई आसमां छू रही है। सब्जियों के बढ़ते दाम ने महिलाओं के बजट को हिला डाला है। वहीं, उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगामी 2022 में होने वाले चुनाव के लिए अभी से पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी ताकत को समझना होगा। वहीं, इससे पूर्व कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने भी जमकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।  वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, रजनी पाटिल ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। यहां रजनी पाटिल ने नोटबंदी के कारण से गई लोगों की जानों पर चिंता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोदी जब भी हिमाचल आए उन्होंने लोगों से वोट ही मांगे। बदले में जनता को कुछ भी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कब तक वह जनता के साथ जुमले बाजी करते रहेंगे। वहीं, रजनी पाटिल ने यहां हिमाचल प्रदेश में अब तक हुए विकास कार्यो का श्रेय वीरभद्र सिंह को भी दिया। अपने संबोधन में उन्होंने वीरभद्र सिंह का नाम लेते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार ने अथाह विकास के कार्य करवाए है, जिसे जनता भली भांति परिचित है।  वहीं, इस मौके पर कुल्लू, मनाली, बंजार के तमाम कांग्रेस के पदाधिकारी एंव कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App