कुल्हाड़ी से काट डाली पत्नी

By: Nov 15th, 2019 12:03 am

हरनोटा में नशेड़ी पति ने मौत के घाट उतारी महिला, भाई पर लगाए हत्या के आरोप

जवाली, राजा का तालाब – जवाली पुलिस थाना के तहत पंचायत हरनोटा में नशेड़ी पति ने तेजधार हथियार कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर दी। पति रणजीत सिंह पर स्नेहलता (45) की हत्या के आरोप लगे हैं। पुलिस रणजीत सिंह (48) पुत्र जैसी राम व उसके भाई मलकियत सिंह को पुलिस थाना में ले गई है। पति रणजीत सिंह पर पत्नी की हत्या करने का आरोप है, वहीं रणजीत सिंह इस हत्या का आरोप भाई मलकियत सिंह पर लगा रहा है। स्नेहलता का देर रात तेजधार हथियार से कत्ल हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतक स्नेहलता की दो बेटियां व एक बेटा है। बेटा भर्ती के लिए गया हुआ है व अभी नौ नवंबर को बड़ी बेटी की शादी हुई थी। छोटी बेटी प्रीति शादी का लहंगा वापस करने फारिया गई थी व रात को चलवाड़ा में मासी के घर ठहरी थी। बड़ी बेटी ने शादी के बाद पहली बार हारफेरे के लिए मायके आना था। मृतक स्नेहलता आंगनबाड़ी में हेल्पर के पद पर तैनात थी, जबकि पति रणजीत सिंह मजदूरी करता था। पत्नी की मौत के बाद रणजीत सिंह शराब के नशे में चूर होकर पंचायत प्रधान जगदीश चंद के पास गया व कहने लगा कि उसकी पत्नी को मेरे भाई ने मार दिया है। इसकी सूचना जवाली पुलिस को दी गई। डीएसपी जवाली ओंकार सिंह राणा टीम के साथ घटनास्थल पर गए तथा शव कब्जे में ले लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि दोनों में से हत्या किसने की है। इसके बाद ही गिरफ्तारी की जाएगी।

पापा ने पहले भी किया दराट से वार

मृतिका की बेटी प्रीति ने आरोप लगाया है कि पापा अकसर ही मां के साथ लड़ाई-झगड़ा व मारपीट भी करते थे। शादी से एक दिन पहले भी उसके पिता ने मां पर दराट के साथ वार किया था। उसने कहा कि वह अपनी बड़ी बहन की शादी का किराए पर लिया लहंगा वापस करने फारिया गई थी और रात को मासी के पास ठहर गई। उसने रोते-रोते इसके लिए अपने पिता को ही दोषी बताया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App