केलांग देश भर में सबसे ठंडा

श्रीनगर भी छोड़ा पीछे, प्रदेश में तीन दिन बारिश-आंधी और ओलावृष्टि

शिमला  – हिमाचल में तीन दिन तक मौसम रौद्र रूप दिखाएगा। 15 नवंबर को शिमला, कुल्लू, चंबा, सिरमौर, किन्नौर, लाहुल-स्पीति में कुछ जगह भारी बारिश, आंधी, ओलावृष्टि व बर्फबारी कहर बरपाएगी। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भारी बारिश व बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान मैदानी इलाकों में भी गर्जन के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में 16 नवंबर को पहाड़ों पर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है, जो प्रदेश को फिर शीतलहर की चपेट में ले सकता है। हिमाचल में बुधवार को भी मौसम के मिजाज बदले नजर आए। आसमान में काले बादलों के घिरने, शीतलहरों के प्रवाह और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो जगह हल्की बर्फबारी होने से तापमान में फिर गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। बिलासपुर के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री की गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा भुंतर, कांगड़ा, हमीरपुर व चंबा के पारे में चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर व धर्मशाला के पारे में तीन डिग्री तक की गिरावट आई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। प्रदेश में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

संबह-शाम ठंड कड़ाके की

केलांग का पारा अभी भी माइनस में चल रहा है। केलांग में न्यूनतम तापमान -0.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जो देश भर में सबसे कम आंका गया है। श्रीनगर में भी न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री रिकॉर्ड किया है। इसके अलावा कल्पा, मनाली में भी सुबह-शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है।