क्यों जरूरी है बच्चों की जासूसी

By: Nov 20th, 2019 12:20 am

बढ़ते बच्चों की जासूसी हर युग में होती रही है। कई बार इसका पता बच्चों को चल जाता है और कई बार वे इससे अंजान होते हैं। ऐसा करने के पहले मां-बाप को गिल्ट भी महसूस होता है कि कहीं उनका बच्चा ऐसा न समझे कि मां-बाप उनपर विश्वास नहीं करते। बढ़ते बच्चों की परवरिश पेरेंट्स के लिए और खास हो जाती है। यह वह दौर होता है जब बच्चों को सबसे ज्यादा देखरेख की जरूरत होती है। इस समय बच्चे नए दोस्त और नई चीजों से रू-ब-रू होते हैं। ऐसे में उनपर नजर रखना जरूरी है। इस समय कई बार वे गलत संगति में भी पड़ जाते हैं। बच्चों पर नजर रखना उतना ही जरूरी है, जितना कि उनकी सही परवरिश करना। डरे नहीं फर्ज निभाएं अकसर मां-बाप को इसका दुख होता है कि वह अपने ही बच्चे की जासूसी कर रहे हैं। यह कहीं से भी गलत नहीं है। इसी तरीके से आपको पता चलेगा कि बच्चा किस रास्ते पर है। इससे उनको सही रास्ता दिखाने में आसानी होगी। बच्चे के बारे में अगर जानकारी नहीं रखी जाएगी तो वहीं उनको सही रास्ता दिखाना भी मुश्किल होगा। इसलिए पेरेंटस का फर्ज निभाएं और बच्चे पर नजर रखें।

आसान नहीं यह काम : इतना आसान नहीं है बच्चों के बारे में जानकारी रखना। स्कूल, ट्यूशन और स्पोर्ट हर जगह हर तरह के लोगों के साथ बच्चे मिलते हैं। ऐसे में कब किस संगति में वे हो जाएं इसका पता चलना मुश्किल है। लगभग 60 प्रतिशत माता-पिता बच्चे की ऑनलाइन एक्टिविटी पर नजर रखते हैं। वहीं एक समय के बाद मां- बाप भी इतने अपडेट नहीं रह पाते कि वे टेक्नॉलजी से जुड़ी हर चीज को जान सकें। दूसरी तरफ वे सोचते हैं कि बच्चे की जासूसी करके वे कहीं उनकी आजादी तो नहीं छीन रहे हैं।

कुछ करें : बच्चे किसके घर जाते हैं। उनके दोस्त कौन हैं इस बारे में जानना आजकल बहुत जरूरी है। इसके लिए उनके दोस्तों को घर पर बुलाएं। उनके टीचर्स और पड़ोसियों से मिलें। अचानक से उनको स्कूल लेने चले जाएं। कभी- कभार बच्चे के सेलफोन से कॉल भी कर लें।

डर नहीं, समझदारी से काम लें : अभिभावकों को ऐसा लगता है कि बच्चों को पता चलेगा कि उनके पेरेंटस उनपर नजर रखते हैं, तो वे अपने बच्चों का विश्वास खो सकते हैं। ऐसे में डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि इस बात को ज्यादा गंभीरता से सोचने की जरूरत है। बच्चे यह न कहें कि मेरे पेरेंटस ने मुझे सही रास्ता नहीं दिखाया।

खुद को करें अपडेट : बच्चे के साथ कदम ताल मिलाने के लिए खुद को भी अपडेट रहने की जरूरत है। इसलिए खुद भी आज की टेक्नॉलजी को जानें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App