खट्टर-दुष्यंत चौटाला ने ली शपथ

By: Nov 5th, 2019 12:02 am

हरियाणा में 14वीं विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को राज्यपाल सत्यदेव ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की सौगंध

चंडीगढ़  – हरियाणा की 14वीं विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को सोमवार को हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य की ओर शपथ दिलाई गई। शपथ कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली। दोपहर बाद दो बजे शुरू हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सबसे पहले मुख्यमंत्री  मनोहर लाल तथा दूसरे नंबर पर उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को विधानसभा सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाई गई। इसके पश्चात सभी महिला विधायकों ने शपथ ली। इसके उपरांत, विधानसभा सदस्यों को अंग्रेजी वर्णक्रमानुसार जिलावार शपथ दिलवाई गई। शपथ कार्यक्रम के दौरान सदस्यों द्वारा भिन्न-भिन्न भाषाओं में शपथ ली गई। तीन विधायकों ने संस्कृत व दो विधायकों ने पंजाबी भाषा में शपथ ली, जबकि अन्य अधिकतर विधायकों ने हिन्दी व अंग्रेजी भाषा में शपथ ली। इस से पहले  हरियाणा के राज्यपाल  सत्यदेव नारायण आर्य ने  हरियाणा राजभवन के लाउंज हॉल में डा. रघुवीर सिंह कादियान को विधानसभा के कार्यकारी (एक्टिंग) अध्यक्ष के तौर पर भारत के संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा, प्रभुता और अखंड़ता को बनाए रखने एवं कर्तव्यों का श्रद्धापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डा. रघुवीर सिंह कादियान को विधानसभा का कार्यकारी (एक्टिंग) अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दी। इस मौके पर नवनिर्वाचित नेताओं के कई सगे संबधी भी मौजूद रहे और इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव  विजय सिंह दहिया, डा. रघुवीर सिंह कादियान की धर्मपत्नी उत्तरा तथा विधानसभा के सचिव राजेंद्र सिंह सहित कई मौजूद रहे।

…पैदल विधानसभा पहुंचे मुख्यमंत्री

पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण की रोकथाम के संदेश का प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सभी 39 भाजपा विधायकों के साथ शुरू हुए विधान सभा सत्र में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री आवास से पैदल चलकर हरियाणा विधान सभा पहुंचे। विधान सभा जाते हुए मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम जनता में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए अपने निवास से विधान सभा तक की दूरी को पैदल तय करने का निर्णय लिया।  उन्होंने ‘पर्यावरण बचाओ भविष्य बनाओ’ का नारा देते हुए कहा कि लोगों को प्रदूषण कम करने के लिए सभी प्रयास करने चाहिए क्योंकि यह न केवल उन्हें अच्छा स्वास्थ्य रखने में मदद करेगा बल्कि पर्यावरण को भी स्वच्छ और हरा-भरा बनाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App