गर्म कपड़ों में लिपटे लोग

By: Nov 8th, 2019 12:22 am

मंडी – मंडी जिला में मौसम के अचानक करवट बदलते ही गुरुवार को सर्द मौसम की पहली हल्की बारिश हुई। मंडी में दोपहर के दौरान हुई बारिश से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं मंडी जिला के ऊपरी इलाकों में पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी का दौर जारी है, जिसके चलते लोगों ने ठंड से बचने के लिए जहां गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं, वहीं हीटर, आग का सहारा लेना भी शुरू दिया है। इस बार समय पर बारिश होने से लोगों को शुष्क ठंड से राहत मिल सकती है, जबकि गत वर्ष समय पर बारिश न होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। बारिश से खेतों में दोबारा नमी लौट आएगी। अब  किसान समय पर फसल की बिजाई का कार्य शुरू कर सकते हैं। हालांकि किसान फसल की बुआई के लिए बारिश का  इंतजार कर रहे थे। आजकल घाटी में अधिकतर लोग मटर की बिजाई कर रहे हैं, जिसके लिए यह बारिश सही समय में संजीवनी बनकर बरसी है। इस बारे में कृषि विभाग मंडी के उपनिदेशक डा. जीत सिंह का कहना है कि समय पर बारिश होने से फसलों को काफी फायदा मिलेगा। किसान फसलों की बिजाई का कार्य कर सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App