चंडीगढ़ में ‘कांगड़ा वैली वेल्फेयर ऐसोसिएशन’ का कार्यक्रम

By: Nov 25th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़  – हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की अप्रवासियों की संस्था ‘कांगड़ा वैली वेल्फेयर ऐसोसिएशन’ ने अपना 15वां वार्षिक कार्यक्रम सेक्टर-35 स्थित आईएमए कॉल्पलैक्स में आयोजित किया, जिसमें करीब 400 लोगों ने परिवार सहित करीब तीन घंटे कार्यक्रम का आनंद लिया। ऐसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का आयोजित करवाने का उद्देश्य न केवल चंडीगढ़ में रहने वाले कांगड़ी परिवारों में आपसी भाइचारे का बढ़ावा देना था, बल्कि युवा पीढ़ी को कांगड़ी संस्कृति से अवगत भी करवाना था। इस मौके पर कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ सदस्यों द्वारा ज्योति प्रचंड कर की गई। वहीं, कोषाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी, जिसमें संस्था की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। कार्यकारिणा द्वारा समारिका का अनावरण करने के बाद बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सरंक्षक पीसी गुप्ता, आरएल गुप्ता, उपाध्यक्ष रूप कमल गुप्ता, सांस्कृतिक सचिव सुनिशा शर्मा, महासचिव अनुज कुमार महाजन वरिष्ठ सदस्यों संजय भटनागर आदि को विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में हिमाचल का पारंपरिक भोजन ‘धाम’ परोसी गई, जिसको नगरोटा बगवां से विशेष रूप से आमंत्रित ‘वोटी’ यानि पुरोहित खानसामों द्वारा बनाया गया था। आयोजकों के अनुसार बिना प्याज और लहसुन से बनी यह पारंपरिक धाम एक समय में राजसी परिवारों के लिए बनवाई जाती थी, जो कि अब सामुहिक कार्यक्रमों में परोसी जाती है। परोसी गई धाम में मदरा, खट्टा, सेपू बड़ी, पालदा (कड़ी), दाल, मिठ्ठा भात आदि पारंपरिक व्यंजनों को परोसा गया, जिसका सभी ने आनंद लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App