चंडीगढ़ में भाजपा पर बरसे राठौर

हिमाचल के नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जयराम सरकार पर लगाए संगीन आरोप

चंडीगढ़ – हिमाचल प्रदेश के नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश सरकार पर धर्मशाला में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट के बहाने हिमाचल की जमीनों खुर्द बुर्द करने का संगीन आरोप लगाया है। राठौर ने इन्वेस्टर्स मीट के दौरान प्रदेश में निवेश करने वालों का लेखा-जोखा और सम्मेलन पर हुए खर्च पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। चंडीगढ़ में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। प्रदेश को प्रधानमंत्री से बहुत सी उम्मीदें थीं। मगर मोदी लोगों को ठेंगा दिखा कर चलते बने। प्रदेश को मिलना तो क्या था उल्टे मोदी के आगमन पर प्रदेश को लाखों की चपत जरूर लगी। प्रधानमंत्री को टोपी पहनाने के लिए मुंबई से फिल्मी कलाकारों का सहारा लिया गया। उस पर जो खर्च हुआ, सो अलग। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर्स मीट के लिए धर्मशाला पहुंचे लोगों में निवेशक कम और भाजपा नेता ज्यादा नजर आए। इतना ही नहीं प्रदेश और केद्र में अपनी सरकार होने के बावजूद प्रदेश को कोई भी राहत नहीं मिली। आज प्रदेश की हालत यह है कि नए निवेशकों को लुभाने के लिए पुराने स्थापित निवेशकों और उद्यमियों को दरकिनार किया जा रहा है। राज्य पर साठ हजार करोड़ का कर्ज हो गया है। इसमें से दो बरसों में चार हजार करोड़ का नया कर्ज है। सरकार के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने तक की रकम नहीं है। प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। त्रिपुरा और हरियाणा के बाद बेरोजगारी के क्षेत्र में हिमाचल तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।  मुख्यमंत्री के गृह जिले में ही एक पूर्व सैनिक की बूढ़ी विधवा के साथ हुए बर्ताव ने समूचे राज्य को शर्मसार किया। प्रदेश कांग्रेस में व्याप्त गुटबंदी और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू के सवाल को राठौर टाल गए। उन्होंने कहा कि अब तकजो हुआ वह उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।