चंबा की दो महिलाओं को इनाम

By: Nov 20th, 2019 12:03 am

चंबा रूमाल शिल्प के लिए मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

चंबा – चंबा जिला की दो महिला शिल्पियों मस्तो देवी व दिनेश कुमारी को चंबा रूमाल शिल्प के लिए राष्ट्रीय मेरिट पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस पुरस्कार के दोनों शिल्पियों को 75 हजार रुपए की नकद राशि के अलावा कौशलता प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय की ओर से प्रदान किए जाएंगे। इस पुरस्कार के लिए चयनित दिनेश कुमारी रिटायर्ड क्राफ्ट टीचर हैं, जबकि मस्तो देवी एक निजी प्रशिक्षण केंद्र में युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देती हैं। इन महिला कलाकारों द्वारा निर्मित रूमालों के डिजाइन पदमश्री विजय शर्मा और स्व. हंसराज धीमान द्वारा तैयार किए गए थे। वहीं, चंबा शिल्प परिषद ने मस्तो देवी व दिनेश कुमारी को पुरस्कार के लिए चयनित होने पर बधाई दी है। चंबा शिल्प परिषद के अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि इन दोनों के पुरस्कार हेतु चुने जाने से चंबा की कलात्मक धरोहर की गरिमा में वृद्धि हुई है। वस्त्र मंत्रालय की ओर से जल्द आयोजित किए जाने वाले समारोह में दोनों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही के वर्षो में चंबा की अनेक युवतियों ने चंबा रूमाल शिल्प की भव्यता से आकर्षित होकर इस कला को अपनी आजीविका का आधार बनाया है, जो कि चंबा की समृद्ध शिल्प कला के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App