चौगान में जुटे 500 स्काउट्स एंड गाइड्स

By: Nov 4th, 2019 12:30 am

उपायुक्त विवेक भाटिया ने किया जिला स्तरीय रैली का शुभारंभ, 60 स्कूलों के होनहार दिखाएंगे हुनर

चंबा –भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला स्तरीय रैली का रविवार को ऐतिहासिक चौगान में विधिवत तरीके से शुभारंभ हुआ। इस मौके पर डीसी विवेक भाटिया ने बतौर मुख्यातिथि उपस्थिति दर्ज करवाई। उन्होंने सभी एडवेंचर्स व फन बेस का निरीक्षण भी किया। इससे पहले भारत स्काउटस एंड गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त एवं उप शिक्षा निदेशक उच्चतर देविंद्र पाल ने मुख्यातिथि को स्मृति चिंह भेंटकर सम्मानित किया। रैली में चंबा जिला के आठ ब्लॉक चंबा, भरमौर, भटियात, सलूणी, पांगी, चुराह बनीखेत ओर कियानी के लगभग 60 स्कूलों के 500 स्काउट्स एवं गाइड्स हिस्सा ले रहे हैं। रैली तीन से सात नवंबर तक चलेगी। इसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चे रंगोली, नारा लेखन, पेंटिंग, मार्च पास्ट, समूह गान व एकांकी इत्यादि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं के लिहाज से पूरे जिला को आठ ब्लॉक में बांटा गया है, ताकि इन प्रतियोगिताओं का आयोजन व्यवस्थित तरीके से हो सके। जिला स्तरीय रैली के दौरान बच्चों के शारीरिक विकास के लिए ऐतिहासिक चौगान में विभिन्न साहसिक एडवेंचर्स बेस भी बनाए गए हैं। जहां आगामी पांच दिनों के दौरान बच्चे विभिन्न करतब दिखाएंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी फूड प्लाजा, पीजेंट शो व पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। रैली के शुभारंभ मौके पर बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। इस मौके पर स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्यालय राज्य सचिव राजकुमार, अंजु शर्मा, विनोद शर्मा, रोहित ठाकुर, जिला ट्रेनिंग आयुक्त विजय महाजन, जिला सचिव अभिमन्यु ठाकुर नीना ठाकुर, पूनम पूरी राजेश शर्मा व रीमा आदि भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App