जमने लगे पहाड़, धूप खिलने से मैदानों में राहत

By: Nov 18th, 2019 12:33 am

केलांग का पारा अभी भी माइनस में, ऊंचे क्षेत्रों में 21-22 को बारिश-बर्फबारी

शिमला –हिमाचल प्रदेश के  ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केलांग का न्यूनतम तापमान अभी भी माइनस डिग्री में चल रहा है। राज्य के कल्पा, मनाली व जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय जमकर ठंड पड़ रही है। हालांकि रविवार को समूचे राज्य में मौसम साफ बना रहा, मगर इसके बावजूद पहाड़ों पर ठंड का प्रकोप कम नहीं हुआ है। मौसम विभाग की मानें, तो राज्य के मैदानी इलाकों में 23 नवंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। पहाड़ों पर 21 व 22 नवंबर को फिर से बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। 23 नवंबर को पहाड़ों पर मौसम साफ बना रहेगा। रविवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। इस दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। कल्पा व चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री का उछाल आया है। कांगड़ा, बिलासपुर व हमीरपुर के तापमान में चार डिग्री तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। डलहौजी को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डलहौजी के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। केलांग में न्यूनतम तापमान -3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो देश भर में सबसे कम आंका गया है। वहीं राज्य के कुफरी, कल्पा, मनाली में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 21 व 22 नवंबर को मौसम खराब बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में 23 नवंबर तक मौसम साफ बना रहेगा।

केलागं में दो सेटीमीटर हिमपात

प्रदेश के केलांग में बीते 24 घटों के दौरान भी बर्फबारी रिकार्ड की गई है। केलांग में दो सेटीमीटर हिमपात हुआ है। इसके अलावा कोठी में पांच, मनाली में पांच, बंजार में तीन, डलहौजी में दो, सराहन, तीसा में एक मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App