ठंड से कांपा हिमाचल

By: Nov 16th, 2019 12:03 am

पहाड़ों पर बर्फबारी से गिरा तापमान, मैदानों में भी लुढ़का पारा

शिमला –हिमाचल फिर से शीतलहर की चपेट में आ गया है। शुक्रवार को राज्य  के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में  कुछ स्थानों पर बर्फबारी हुई है। पहाड़ों पर बर्फबारी औ समूचे प्रदेश में मौसम खराब रहने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम में आई करवट से अधिकतम तापमान मेें एक से आठ डिग्र्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट रिकार्ड की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति में शनिवार को भी गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि राज्य में 17 से 21 नवंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। रोहतांग में शुक्रवार को फिर से बर्फबारी हुई है। वहीं, लाहुल स्पीति में भी हल्का हिमपात होने की सूचना है। इसके अलावा पहाड़ों पर कुछ स्थानों पर बारिश भी हुई है। इस दौरान कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा आठ डिग्री की गिरावट रिकार्ड दर्ज की गई है। कल्पा का पारा लुढ़क कर 7.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर शनिवार को भी बारिश होगी। मैदानों में मौसम साफ बना रहेगा। राज्य में 17 से 21 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    16.7       9.9

सुंदरनगर  22.5       11.7

भुंतर       21.6       8.6

कल्पा     07.3       3.6

धर्मशाला   16.6       12.6

ऊना       24.2       14.0

सोलन     22.5       9.7

नाहन      24.3       14.5

केलांग     05.4       0.2

कांगड़ा    20.6       13.2

बिलासपुर 21.5       13.5

हमीरपुर    20.6       13.3

चंबा       18.7       11.3

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App