डीडीयू में चलेगी मुफ्त एंबुलेंस

By: Nov 12th, 2019 12:20 am

 अस्पताल में मरीजों को मिलेगी सुविधा, आज होगा सेवा का शुभारंभ

शिमला –दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मरीजों को अब मुफ्त एंबुलेंस सुविधा दी जाएगी। गुरु नानक देव महाराज के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को यह सुविधा शुरू होगी। डीडीयू से आईजीएमसी और केएनएच रेफर किए मरीजों को यह एंबुलेंस ले जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में उपचार के बाद घर तक मरीज को छोडने में भी मदद करेगी। मरीजों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। गुरुद्वारा पाराचिनार सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है। अध्यक्ष ने बताया कि गुरु नानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाश पर्व पर यह सेवा शुरू होगी। वहीं शहर में गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक फूलों और लाइटों से सजाया गया  है। इन फूलों को चंडीगढ़ से मंगवाया गया है। गुरुद्वारा साहिब की छत पर पेंट किया गया है। सिखी का प्रतीक रहे निशान साहिब के झंडे लगाए गए हैं। इस दौरान सुखजिंदर सिंह, गुरजिंदर सिंह, बीबी सुरजीत कौर, जसविंद्र सिंह, भाई प्रकाश जी एवं साथी, भाई कुलदीप ग्रोवर, अमनप्रीत सिंह ने कीर्तन किया। गुरमीत सिंह ने गुरमति विचार किया। दोपहर बाद भाई सुखजिंदर सिंह ने कीर्तन के बाद आनंद साहिब की अरदास की। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष जसविंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। बताया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी प्रकाश पर्व पर शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त गुरुद्वारा में आए भक्तों को अटूट लंगर बांटा जाएगा। इस अवसर पर पाराचिनार  सभा के अध्यक्ष परमजीत सिंह, गुरु सिंह सभा उपाध्यक्ष शरण सिंह गुलाटी, जसविंद्र सिंह, महासचिव सेवा सिंह, सचिव सुरेंद्र पाल और कमलवीर मौजूद रहे। वहीं, सोमवार को डीडीयू में मरीजों को फल बांटे गए। अस्पताल के एमएस डा. लोकेंद्र शर्मा और गुरुद्वारा गुरु सिंघ सभा के अध्यक्ष जसविंद्र सिंह ने मरीजों को फल बांटे। इस बीच डाक्टर ने मरीजों से बातचीत भी की। सभा के अन्य सदस्य भी यहां मौजूद रहे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App