तेजस्विनी ने भारत को दिलाया 12वां ओलम्पिक कोटा

By: Nov 9th, 2019 8:04 pm

दोहा-अनुभवी निशानेबाज तेजस्विनी सावंत ने यहां चल रही 14वीं एशियाई निशानेबाजी प्रतियोगिता में शनिवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल में पहुंचकर भारत को टोक्यो ओलम्पिक 2020 के लिए 12वां कोटा दिला दिया। भारत ने इसके अलावा तीन स्वर्ण सहित नौ पदक भी जीते। इस स्पर्धा की आठ फाइनलिस्ट्स में से पांच कोटा पाने की पात्र नहीं थी क्योंकि उन्होंने पहले ही कोटा हासिल कर लिया था। तीन निशानेबाजों को कोटा मिलना था। विश्व रैंकिंग में 95वें नंबर की निशानेबाज सावंत ने 120 शॉट के क्वालिफिकेशन में 1171 का स्कोर किया और पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचीं। सावंत इस तरह पहली बार ओलम्पिक में खेलने उतरेंगीं। सावंत विश्व चैंपियनशिप, विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। सावंत ने फाइनल में 435.8 का स्कोर किया और पदक जीतने से चूक गयीं और उन्हें चौथा स्थान मिला। सावंत व्यक्तिगत मुकाबलों में पदक नहीं जीत पायीं लेकिन सावंत, काजल सैनी और गायत्री नित्यानदंम की टीम ने इस स्पर्धा का टीम कांस्य पदक जीता। काजल सैनी ने 1167 के स्कोर के साथ 13वां और गायत्री ने 1165 के स्कोर के साथ 16वां स्थान हासिल किया।इससे पहले शुक्रवार को चिंकी यादव ने महिलाओं की 25 मीटर रैपिड पिस्टल स्पर्धा में भारत को 11वां कोटा दिलाया था। भारत को शनिवार को पुरुष स्कीट टीम में क्वालिफिकेशन के पहले दिन के बाद कोटा हासिल करने की उम्मीद बनी हुई है। संयुक्त विश्व रिकॉर्ड धारी अंगद बाजवा 75 में से एक बर्ड चूक गए जबकि ओलम्पियन मैराज अहमद खान दो बर्ड और स्मित सिंह तीन बर्ड चूके। रविवार को इस स्पर्धा में 25 के टारगेट के दो राउंड और होंगे। महिला वर्ग में दर्शन राठौड़ 69 के स्कोर के साथ 12वें, गनेमत शेखों 66 के स्कोर के साथ 17वें और सानिया शेख 65 के स्कोर के साथ 18वें स्थान पर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App