धमून पंचायत को राष्ट्रीय पुरस्कार

By: Nov 3rd, 2019 12:04 am

छोघी –विकास खंड मशोबरा की धमून पंचायत को क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करवाने के लिए लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। यह सम्मान नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने धमून पंचायत के प्रधान बलदेव ठाकुर को दिया है। केंद्रीय मंत्री ने लगातार दूसरी बार धमून पंचायत को सामान्य वर्ग के दो पुरस्कार, दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण व नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार  प्रदान किए हैं। लगातार इस सम्मान को पाने वाली धमून पंचायत पहली पंचायत बन गई है। धमून पंचायत के प्रधान बलदेव राज ठाकुर ने बताया कि लगातार दो सालों में यह सम्मान  हासिल करने वाली पहली पंचायत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2017-18 में पंचायत में किए गए उत्कृष्ठ कार्य के लिए दिया गया है। इससे पहले वर्ष 2016-17 में भी ये दोनों पुरस्कार मिले थे। पंचायत प्रधान बलदेव ने इन पुरस्कारों को पंचायत की जनता को समर्पित किया। उन्होंने क्षेत्र की जनता, पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठनों, किसानों, कृषि सहकारी सभा व सरकारी कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से ही पंचायत ने यह मुकाम हासिल किया है। बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा धमून पंचायत को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार के तहत 10 लाख और दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार में आठ लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार का भी आभार जताया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App