नाबालिग बेटी से दुराचार

By: Nov 21st, 2019 12:30 am

बड़सर में पिता ने लांघी हदें, मां के साथ थाने पहुंची पीडि़ता

बिझड़ी – भोरंज के बाद अब बड़सर की एक पंचायत की बेटी ने पिता पर दुराचार व छेड़छाड़ जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। थाने में की गई शिकायत के अनुसार आरोपी कुछ सालों से लगातार अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के अलावा उसके साथ दुष्कर्म भी कर चुका है। आरोपी की हरकतों से तंग आकर पीडि़त नाबालिग लड़की ने मां के साथ पुलिस स्टेशन बड़सर पहुंचकर मामला दर्ज करवा दिया है। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार 17 वर्षीय लड़की ने मां के साथ पुलिस स्टेशन बड़सर पहुंचकर अपने साथ घटित घटना की जानकारी दी व पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के मुताबिक लगभग सात-आठ वर्ष पहले उसके साथ उसके पिता ने दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी अपनी बेटी के साथ लगातार छेड़छाड़ करता आ रहा था। पुलिस ने नाबालिग बेटी की शिकायत पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विदित रहे कि अभी तीन दिन पहले ही भोरंज में भी एक सौतेले बाप पर बेटी के साथ दुराचार करने के आरोप लगे थे। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन के मुताबिक पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीडि़ता का मेडिकल करवाकर कार्रवाई की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App