निक्की ने खोली पाक की पोल

By: Nov 13th, 2019 12:03 am

कहा, आतंकियों को शरण देकर अमरीकी सैनिकों की जान लेता है पाकिस्तान

वाशिंगटन – पाकिस्तान आतंकवाद का गढ़ बना गया है। इसकी पुष्टि अमरीका ने भी कर दी है। इतना ही नहीं उसने तो यहां तक कह दिया है कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पालता है और उसका इस्तेमाल अमरीकी सैनिकों को मारने के लिए करता है। अमरीका की पूर्व दूत निक्की हेली ने एक किताब में इस बात का जिक्र किया। संयुक्त राष्ट्र के लिए अमरीका की पूर्व दूत निक्की हेली ने कहा है कि पाकिस्तान उन आतंकवादियों को शरण देता है जो अमरीकी सैनिकों को मारने का प्रयास करते हैं। हेली की पुस्तक ‘विद आल ड्यू रिस्पेक्टः डिफेंडिंग अमरीका विद ग्रिट एंड ग्रेस’ मंगलवार को बाजार में आई। भारतीय मूल की अमरीकी राजनयिक निक्की हेली ने इस पुस्तक में लिखा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तब नाराज हुए, जब उन्होंने उन्हें अपने इस निष्कर्ष से अवगत कराया कि अमरीकी सहायता प्राप्त करने वाले प्रमुख देशों में शामिल होने के बावजूद पाकिस्तान ने न केवल संयुक्त राष्ट्र में अमरीका के खिलाफ वोट किया बल्कि आतंकवादियों को शरण भी दी। हेली ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि हमने पाकिस्तान को अन्य देशों की तुलना में अधिक सहायता दी। 2017 में अमरीका ने उसकी सेना को करीब एक अरब अमरीकी डालर की सहायता दी। पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र में पूरे 76 प्रतिशत समय हमारा विरोध करता है। सबसे बुरा यह है कि पाकिस्तान आतंकवादियों को शरण देता है जो हमारे अमरीकी सैनिकों को मारने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इन निष्कर्षों एवं अन्य चीजों से राष्ट्रपति ट्रंप को अवगत कराया। वह नाराज हुए। उसके तुरंत बाद उन्होंने कांग्रेस से यह सुनिश्चित करने के लिए एक विधेयक पारित करने के लिए कहा कि अमरीकी विदेशी सहायता केवल अमरीकी हितों और अमरीका के मित्रों को बढ़ावा देने के लिए दी जाए।

दक्षिण कोरिया-जापान में विवाद खत्म करने की कोशिश करेगा अमरीका

वाशिंगटन – अमरीका के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी अपने पहले आधिकारिक विदेश दौरे पर सोल और टोक्यो में विवाद खत्म करने की कोशिश करेंगे। अमरीकी रक्षा विभाग की ओर कहा गया कि अमरीका के ज्वॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन मार्क मिले ने क्षेत्र का दौरा करने से पहले जापान-द. कोरिया के संबंध में कहा कि हम तीनों को साथ में रहना हमारे फायदेमंद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App