नौ के सिर सजा जीत का सेहरा

By: Nov 18th, 2019 12:20 am

हमीरपुर में दो प्रधान, पांच उपप्रधान और दो बने वार्ड मेंबर, कई मतदान केंद्रों पर शाम पांच बजे तक हुई काउंटिंग

हमीरपुर –पंचायती राज उपचुनाव में नौ लोगों के सिर जीत का ताज सजा है। दो प्रधान बने तथा पांच उपप्रधान बने, वहीं दो लोगों ने वार्ड पंच के पद पर विजय प्राप्त की है। अपने प्रतिद्वंदियों को पछ़ाड़ते हुए इन लोगों ने चुनाव रण में अपनी ताकत दिखाई है। सुबह नौ बजे से मतदान केंद्रों पर मतदान का दौर शुरू हो गया। यही दौर शाम तीन बजे तक चलता रहा। हालांकि परिणाम घोषित करने में पांच से छह बजे तक का समय लग गया। जिला के चार उपमंडलों में उपचुनाव आयोजित हुए। विकास खंड बिझड़ी की पंचायत ज्योली देवी में प्रधान पद के लिए चुनाव हुआ। इसमें रणवीर सिंह ने ज्ञान चंद व दुनी चंद को हराकर अपनी जीत सुनिश्चित की है। उन्होंने ज्ञान चंद को 76 मतों से हराया। रणवीर सिंह को 374, ज्ञान चंद को 298, जबकि दुनी चंद को 92 वोट पड़े। वहीं, सौर पंचायत में प्रधान का पद सुरजीत सिंह ने हासिल किया। उन्होंने अशोक कुमार को पटखनी दी। सुरजीत सिंह को 780, जबकि अशोक कुमार को 746 मत पड़े। यहां मुकाबला कांटे का रहा। दिन में कई बार मतों की संख्या बराबरी पर पहुंची, लेकिन अंत में सुरजीत सिंह ने प्रधान पद पर कब्जा जमा लिया। वहीं, दांदड़ू पंचायत में उपप्रधान पद के लिए चुनाव हुआ। दांदडू पंचायत के उपप्रधान सतीश कुमार बने। सतीश कुमार ने प्रकाश चंद को हराया। सतीश कुमार को 809, जबकि प्रकाश चंद को 109 वोट पड़े। विकास खंड बमसन की बफंडी पंचायत में उपप्रधान के पद पर चुनाव हुआ। इसमें संजीव कुमार ने अश्वनी कुमार को हराया है। संजीव को 384, जबकि अश्वनी कुमार को 358 मत मिले। चमनेड़ पंचायत में भी उपप्रधान के पद पर मतदान हुआ। इसमें प्रकाश चंद ने जीत हासिल की है। उन्होंने जीवन चंद को हराया है। प्रकाश चंद को 439, जबकि जीवन चंद को 406 वोट हासिल हुए। हालांकि मैदान में चार उम्मीदवार थे, जिनमें जगदीश चंद को 115 व विपिन कुमार को 74 मत मिले। उपमंडल नादौन की नौहंगी पंचायत में उप्रपधान पद के लिए बामदेव व सुदेश कुमार के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बामदेव ने जीत हासिल की है। विजेता को 920 मत मिले, जबकि बासुदेव को 338 वोट से संतोष करना पड़ा। मण पंचायत में उपप्रधान पद पर राकेश कुमार विजयी हुए हैं। उन्होंने सुदेश कुमार को हराया। भोरंज उपमंडल की मन्वीं पंचायत में वार्ड सदस्य का चुनाव हुआ, जिसमें सुरेश कुमार विजयी रहे। उन्होंने सतीश कुमार को 73 मतों से पराजित किया। वहीं, भकेड़ में वार्ड वार्ड सदस्य कश्मीरी देवी ने महिंद्र सिंह को 15 मतों से हराकर जीत सुनिश्चित की है। यहां भी मैदान में तीन उम्मीदवार थे। तीसरे नंबर पर रहे उम्मीदवार देवराज को 27 मतों से ही संतोष करना पड़ा। जिला पंचायत अधिकारी रमेश कपूर ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से हुए हैं। कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App