पगार को तरसे मनरेगा मजदूर

अवाहदेवी – विकास खंड धर्मपुर की दर्जनों पंचायतों के मनरेगा मजदूरों को  पिछले दो माह से मनरेगा मजदूरी नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते मनरेगा मजदूरों की आर्थिक स्थिति दिन-प्रतिदिन कमजोर होती जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास खंड धर्मपुर की दर्जनों पंचायतों के हजारों मजदूरों का पैसा दो महीने से उनके अकाउंट में नहीं आ रहा है। ऐसे में मनरेगा मजदूर मजदूरी न मिलने के बारे में पंचायतों के चक्कर लगा रहे हैं। बता दें कि इन पंचायतों में अधिकतर मजदूर ऐसे भी हैं, जिनकी मजदूरी सितंबर माह से पहले से भी नहीं मिल पाई है। मजदूरी न मिलने से इन मजदूरों के लिए रोजी-रोटी का संकट और बढ़ गया है। विकास खंड धर्मपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ मनरेगा मजदूर ऐसे भी हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति अधिक खराब है और वे मजदूरी पर ही निर्भर हैं। समय से मनरेगा मजदूरी न मिलने से गरीब परिवारों को जीविका चलाना मुश्किल हो गया है। इस बारे में विकास खंड अधिकारी धर्मपुर सतीश कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से सितंबर माह से मनरेगा का पैसा नहीं मिल रहा है, जिस वजह से मनरेगा मजदूरों को मजदूरी देने में देरी हो रही है।