पहाड़ी तरानों पर झूमे दर्शक

By: Nov 9th, 2019 12:23 am

रेणुकाजी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल कृतिका तनवर ने नचाए दर्शक

नाहन –अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेला 2019 की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में बारिश के खलल के बावजूद कलाकारों ने दर्शकों को बांधे रखने की भरपूर कोशिश की। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम कृतिका तंवर, कुमार साहिल के साथ हास्य कलाकार अरुण जैमिनी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हालांकि प्रथम सांस्कृतिक संध्या में पूर्व के वर्षों की तरह महंगे बजट के बालीवुड स्टार दर्शकों को नजर नहीं आए, मगर हिमाचली लोक कलाकारों ने लोगों का अपने अंदाज में खूब मनोरंजन किया। गौर हो कि इससे पूर्व बालीवुड के जावेद अली, हंसराज हंस, बडाली ब्रदर्स, पंजाबी स्टार गुरदास मान इत्यादि दर्जनों जाने माने कलाकार आगाज अवसर पर प्रस्तुतियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर की संध्या का अहसास दर्शकों को करवा चुके हैं, मगर इस मर्तबा बड़े कलाकार से लोगों को महरूम रहना पड़ा है। प्रथम सांस्कृतिक संध्या का आगाज विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेणुकाजी मेले का महत्त्व प्रतिवर्ष बढ़ता जा रहा है। वहीं पावन झील के किनारे आयोजित होने वाला मेला मां-पुत्र का मिलन के प्रति के साथ झील रूप में बसी मां जल बचाव का भी संदेश दे रही है। उन्होंने कहा कि इस तीर्थ स्थल का महत्त्व देखिए जहां धार्मिक पौराणिक प्रमाण है, वहीं खूबसूरत वैटलेंड अभ्यारण्य भी साथ है। इस दौरान यहां रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर डा. आरके परूथी, अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, एसडीएम एवं सदस्य सचिव रेणुकाजी विकास बोर्ड विवेक शर्मा, एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा, विधायक रेणुकाजी विनय कुमार, भाजपा नेता बलबीर चौहान, विधायक शिलाई हर्षवर्धन चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, निदेशक कृषि एवं विपणन बोर्ड सिरमौर रामेश्वर शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App