पांच दिन की गिरावट के बाद उबरे सोना-चांदी

By: Nov 12th, 2019 12:06 am

नई दिल्ली – विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में लौटी तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना पांच दिन गिरावट से उबरता हुआ 50 रुपए चमककर 39320 रुपए प्रति दस ग्राम पर और चांदी 150 रुपए की बढ़त में 45600 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम कीमत पर हुई लिवाली के कारण पीली धातु में तेजी रही। अमरीका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध का मुद्दा अब भी अनसुलझा है और वैश्विक अर्थव्यवस्था की सुस्ती बरकरार है। इस दौरान निवेशकों ने कम कीमत पर सोने की खरीददारी की, जिससे इसमें तेजी रही। लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 5.65 डालर चढ़कर 1464.55 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 2.30 डालर की बढ़त में 1465.20 डालर प्रति औंस बोला गया। चांदी 0.14 डालर की बढ़त में 16.88 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई। स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 50 रुपए चढ़कर 39320 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 39150 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App