प्रदर्शनियों के साथ सज गया लवी मेला

By: Nov 12th, 2019 12:22 am

 जैविक खेती से पैदा हुए उत्पाद कर रहे लोगों को आकर्षित

रामपुर बुशहर –अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के दौरान मेला मैदान में विभन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों से लोग कई महत्वपूर्ण जानकारियां विभागों के विषय विशेषज्ञों द्वारा ले रहे हैं। मेला मैदान में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग, सौर उर्जा, फोरेंसिंक विभाग, स्टेट बैंक, राज्य विद्युत विभाग, नाथपा झाकड़ी परियोजना एवं अन्य प्रदर्शनियों में लवी मेले के शुभारंभ के दौरान लोगों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र संबंधित जानकारियां ली। राज्यपाल बंडारू दतात्रेय द्वारा अपने संबोधन के दौरान लोगों से अपील की कि हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें। वहीं उन्होंने युवाओं में बढ़ रहे नशे के धंधे को रोकने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व पुलिस नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए सभी को आगे आने की जरूरत है, ताकि प्रदेश का युवा इस दलदल से बाहर आए। उन्होंने राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया और किसानों से सरकार की इस योजना का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के प्रधानमंत्री के अभियान को और गति देने पर जोर दिया। राज्यपाल ने यहां पर लगी विभिन्न प्रदर्शिनियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने सबसे पहले पशु पालन विभाग की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। जिसके बाद बागवानी विभाग, कृषि विभाग की प्रदर्शनी को भी बखूबी निहारा। उन्होंने बागबानी विभाग, व कृषि विभाग द्वारा जैविक खेती से तैयार हुए उत्पाद की काफी सराहना की। उन्होंने इस बारे में विशेषज्ञों से जानकारी भी जुटाई। वहीं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में भी राज्यपाल काफी देर तक रहे। वहीं एसजेवीएन ने भी अपने प्रोजेक्ट की बारिकियों को राज्यपाल के समक्ष रखा। इस मौके पर उनके साथ अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मेले में दिखी अदम्य साहस की अद्भुत छटा

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के शुभारंभ मौके पर भारतीय सेना के ट्राइपीक के वीर मराठा जवानों ने अपने कौशल, अनुशासन ओर अदम्य साहस का बेहतरीन प्रदर्शन किया। जवानों ने प्राचीन समय से चले आ रहे महाराष्ट्र के पारंपरिक खेल मलखंमब से न सिर्फ वहां मौजूद दर्शकों बल्कि मंच पर विराजमान मुख्य अतिथियों एवं महामहिम राज्यपाल महोदय को भी मंत्रमुगद कर दिया। वीर सैनिकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जयघोष को अपनी प्रेरणा बताते हुए, मलखंमब के दो खेल दिखाए। जिनमें से एक निराधार मलखंमब भी शामिल रहा। कार्यक्रम के अन्त्त में चार चांद लगते हुए, विजय घोष का प्रतीक, भगवे रंग का फेटा बांधे, ढोल की थाप ओर झांझ की झंकार कि बीच मराठी लोक नृत्य झांझ भी प्रस्तुत किया जिसने बुशहर के लोगों एवं मनचासिन अतिथियों का दिल जीत लिया। मुख्यातिथि महामहिम राज्यपाल महोदय ने सभा को संबोधित करते हुए इन जवानों के जज्बे की तारीफ करते हुए शुभकामनाएं दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App