प्रियंका गांधी का अटैक, SPG सुरक्षा कवर हटाना राजनीति का हिस्सा

By: Nov 21st, 2019 7:51 pm

नई दिल्ली  –  कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने गांधी फैमिली को मिले एसपीजी सुरक्षा कवर को हटाने के सरकार के फैसले को राजनीति करार दिया है। प्रियंका ने कहा, ‘यह फैसला राजनीति का हिस्सा है। यह होता रहता है।’ आपको बता दें कि हाल ही में गृह मंत्रालय ने सुरक्षा की समीक्षा करने के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी से एसपीजी सुरक्षा कवर वापस ले लिया था। अब इन्हें ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई है। इसके तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जिम्मे गांधी परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी है।

शाह, मनमोहन, अंबानी को भी CRPF दे रही सुरक्षा

 अधिकारियों के मुताबिक नए सीआरपीएफ कवर में इन तीनों वीवीआईपी के लिए एक विशेष तंत्र बनाया गया है। इसके तहत कमांडो को उनके दौरे के स्थानों और क्षेत्र की पहले से जांच करने का अधिकार होगा। देश में नक्सल विरोधी अभियानों और आंतरिक सुरक्षा कार्यों के प्रमुख बल सीआरपीएफ के पास लगभग 52 अन्य वीवीआईपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी है जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी शामिल हैं।उधर, कांग्रेस की युवा इकाई के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के फैसले खिलाफ सड़कों पर भी विरोध प्रदर्शन किया था। दिल्ली समेत देश के कई शहरों में सरकार के इस फैसले पर विरोध जताया गया। संसद के शीतकालीन सत्र में भी यह मुद्दा गूंजा। कांग्रेस नेताओं ने गांधी परिवार को फिर से एसपीजी सुरक्षा कवर दिए जाने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App