फतेहपुर भाजपा में हंगामा, ज्वालामुखी में ड्रामा

By: Nov 12th, 2019 12:30 am

 नारों के बीच करतार सिंह पठानिया को फतेहपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष का ओहदा,  तीनों धड़ों ने अलग-अलग किया शक्ति प्रदर्शन

राजा का तालाब –भाजपा मंडल फतेहपुर अध्यक्ष पद का चुनाव सोमवार को राजा का तालाब में संपन्न हो गया ।  उक्त चुनाव राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व चुनाव प्रभारी अमित ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उन्होंने करतार पठानिया के अध्यक्ष पद पर चुने जाने की जानकारी दी। इससे पहले काफी गहमागहमी के बाद लगभग डेढ़ बजे जब चुनाव प्रभारी अमित ठाकुर ने मंच पर पहुंचकर पूर्व अध्यक्ष करतार सिंह पठानिया का नाम अध्यक्ष पद के लिए लिया, तो एकाएक पूर्व भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर, पंकज हैप्पी, प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष जगदेव ठाकुर द्वारा समर्थित संजीव पप्पू के नाम पर नारे भी लगने शुरू हो गए। वहीं, उपस्थित भाजपा सदस्यों में बैठी एक महिला कार्यकर्ता ने शक्ति पठानिया का नाम लेकर माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया। इसी बीच जब माहौल बहुत ज्यादा तनावपूर्ण हो गया और तीनों धड़ों ने अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन दिखाना शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने करतार पठानिया के गले मे हार डाल दिए। वहीं, संजीव पप्पू के समर्थकों ने भी उनके गले में हार डालकर उनका समर्थन किया। चुनाव प्रभारी अमित ठाकुर ने कहा कि करतार पठानिया के पक्ष में जो कार्यकर्ता हैं, वो अपने हाथ उठाएं तो कुछ लोगों ने अपने हाथ उठाकर करतार पठानिया का समर्थन किया, जबकि जब अनिल पप्पू को लेकर अमित ठाकुर ने हाथ उठाने की बात कही तब अन्य कार्यकर्ताओं ने उसके पक्ष में भी हाथ उठाए। वहीं, शक्ति पठानिया को लेकर भी बीच-बीच में सुगबुगाहट होती रही। चुनाव प्रभारी अमित ठाकुर का कहना था कि फतेहपुर भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए तीन नाम करतार सिंह पठानिया, संजीव पप्पू व शक्ति पठानिया सामने आए थे, जिसमें किसी बूथ पालक ने संजीव पप्पू व शक्ति पठानिया का नाम अनुमोदित नहीं किया था। वहीं, इस विषय में करतार पठानिया के पक्ष में 109 बूथ अध्यक्षों में से 100 बूथ अध्यक्षों ने सर्वसम्मति से करतार पठानिया को अध्यक्ष के रूप में चुन लिया है। पार्टी हाई कमान को रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है।

चुनाव में ये रहे उपस्थित

प्रदेश भाजपा महामंत्री कृपाल परमार, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी चौधरी, संगठनात्मक जिला नूरपुर अध्यक्ष डा.सतीश शर्मा,  पूर्व प्रत्याशी बलदेव ठाकुर, मंडल महामंत्री कुलदीप डोगरा, जगदेव ठाकुर, पंकज हैप्पी, युवा मोर्चा सचिव अजय पठानिया, उपाध्यक्ष प्रवीण, टिंकू, डा. सुधीर चौधर, किसान मोर्चा अध्यक्ष ओंकार राणा, हनी ठाकुर, हरप्रीत संधू, संजीव शर्मा, मलकीत पठानिया, नवजोत सिंह व युवा मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य मनोज कालू सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

दूसरे दिन भी चुनाव प्रभारी के न आने से नहीं हुआ अध्यक्ष का फैसला , बार-बार फोन करने के बाद भी प्रभारी ने की अनदेखी

ज्वालामुखी –ज्वालामुखी मंडल भाजपा के चुनाव में सोमवार को दूसरे दिन भी सियासी ड्रामा हो गया। जब चुनाव प्रभारी रविवार को वादे के बावजूद सोमवार को ज्वालामुखी मंडल भाजपा के चुनाव में फंसे पेंच को सुलझाने नहीं आए। राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला व मंडल अध्यक्ष चमन पुंडीर द्वारा बार-बार फोन करने पर भी प्रभारी ज्वालामुखी मामले को सुलझाने नहीं आए, जिससे ज्वालामुखी के भाजपा कार्यकर्ताओं को बड़ी निराशा व हताशा का सामना करना पड़ा है। नेता व कार्यकर्ता सुबह से लेकर शाम तक चुनाव प्रभारी की प्रतीक्षा करते रहे, परंतु वे नहीं आए। गौरतलब है कि  मंडल भाजपा अध्यक्ष चमन पुंडीर ने 105 पोलिंग बूथ अध्यक्षों को चुनाव दस नवंबर गीता भवन ज्वालामुखी में 12 बजे चुनाव प्रभारी विनय शर्मा की अध्यक्षता में होने की सूचना दी थी, वहीं दूसरी ओर मंडल महामंत्री पिथी सिंह ठाकुर ने चुनाव रविवार  दोपहर खुंडियां में दो बजे चुनाव प्रभारी  की अध्यक्षता में सूचना दे डाली थी, जिससे 105 बूथों के अध्यक्ष असमंजस में पड़ गए कुछ ने विधायक रमेश धवाला तो कुछ ने मंडल प्रधान व पार्टी पदाधिकारियों से सही जानकारी हासिल की। रविवार को गीता भवन ज्वालामुखी में 105 में से 84 बूथों के अध्यक्ष मौजूद थे। मंडल अध्यक्ष चमन पुंडीर सहित कार्यकारिणी सदस्य विधायक रमेश धवाला जिला अध्यक्ष नरेश चौहान एमलकीत परमार व अन्य भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद थे।

विधायक रमेश धवाला के आग्रह पर भी नहीं आए

दूसरी ओर चुनाव प्रभारी खुंडियां में ही पोलिंग बूथों के अध्यक्षों व पार्टी कार्यकारिणी सदस्यों की प्रतीक्षा करते रहे, परंतु वे ज्वालामुखी गीता भवन में धवाला के आग्रह पर भी नहीं आए। उन्होंने सोमवार को ज्वालामुखी आकर समस्या का हल करके ज्वालामुखी मंडल का गठन करने का आश्वासन दिया, जिस पर सभी राजी हो गए, परंतु  सोमवार को मंडल भाजपा अध्यक्ष चमन पुंडीर, भाजपा नेता मान चंद, विजय मेहता, प्रवीण ठाकुर, प्रकाश राणा, रामस्वरूप शास्त्री, कुलदीप शर्मा, विजय कुमार, जेपी चौधरी व अन्य दर्जनों कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रभारी की प्रतीक्षा की, परंतु वे नहीं आए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App