बच्चों को अगवा करने के आरोप में स्वामी नित्यानंद के खिलाफ केस दर्ज, दो गिरफ्तार

By: Nov 20th, 2019 6:38 pm

अहमदाबाद – स्वयंभू बाबा स्वामी नित्यानंद पर बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि गुजरात के अहमदाबाद में अपना आश्रम चलाने के लिए स्वामी नित्यानंद बच्चों को अगवा करके उन्हें बंधक बनाकर अनुयायियों से चंदा जुटाने के काम में लगा देते हैं। पुलिस ने दो महिला अनुयायियों- साध्वी प्राण प्रियानंद और प्रियातत्व रिद्धि किरण को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पर कम से कम चार बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने और उन्हें एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखने का आरोप है। आश्रम के लिए चंदा एकत्र करने के काम में इन बच्चों का इस्तेमाल बाल श्रमिक के तौर पर किया जा रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक फ्लैट और योगिनी सर्वज्ञापीठम आश्रम से मुक्त कराए गए चार बच्चों के बयान पुलिस द्वारा दर्ज किए जाने के बाद इसी तरह के आरोपों पर नित्यानंद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि साध्वी प्राण प्रियानंद और प्रियातत्व रिद्धि किरण पर आश्रम चलाने की जिम्मेदारी है।

छुड़ाए गए बच्चों ने कहा- बाल मजदूर की तरह करा रहे थे काम
पुलिस ने बताया, ‘आश्रम के नौ और 10 साल के दो बच्चों ने हमें बताया कि उन्हें यातना दी जा रही थी और बाल श्रमिक के तौर पर उनसे काम करवाया जा रहा था। शहर के एक फ्लैट में उन्हें 10 से ज्यादा दिनों से बंधक बनाकर रखा गया था। इन आरोपों के बाद स्वामी नित्यानंद की दो अनुयायियों को गिरफ्तार कर लिया गया।’


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App