बर्फबारी के बाद पैक हुई मनाली

By: Nov 15th, 2019 12:01 am

सैलानियों की आमद में इजाफा, पर्यटन करोबारी भी खुश

मनाली – रोहतांग दर्रे पर शुरू हुई बर्फबारी ने मनाली के पर्यटन करोबार को नई उड़ान दे दी है। पर्यटक नगरी में  सैलानियों की संख्या में लगातार हो रहे इजाफे से जहां करोबारी खासे खुश हैं, वहीं घाटी के टूरिस्ट प्वाइंट्स पर भी अब रौनक दिखने लगी है। सोलंगनाला में बर्फबारी होने से सैलानियों की खासी भीड़ यहां उमड़ रही है। सोलंगनाला के अलावा मढ़ी व गुलाबा में भी सैलानियों को जहां बर्फ के दीदार हो रहें हैं, वहीं कोठी भी सैलानियों से पैक चल रहा है। हालांकि विंटर सीजन में ऐसा माना जाता था कि नवंबर में कम ही सैलानी मनाली घूमने आते हैं, लेकिन इस बार परिस्थितियां कुछ और ही नजर आ रही हैं। मनाली में जहां मंदी की मार झेल रहे कारोबारी अब खुश दिख रहे हैं, वहीं मालरोड पर भी सैलानियों की खासी भीड़ उमड़ रही है। यहां तापमान भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। ठंडे मौसम के बीच सैलानियों की मनाली में बढ़ी चहल-कदमी विंटर सीजन को रफ्तार दे रही हैं। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि मनाली में विंटर सीजन अब रफ्तार पकड़ने लगा है। पहले पर्यटक नगरी के अधिकतर होटल खाली चल रहे थे। वहीं, अब रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी होने से मनाली के पर्यटन करोबार ने भी रफ्तार पकड़ ली है। सोलंगनाला में जहां सैलानियों को बर्फ देखने को मिल रही है, वहीं सैलानी कोठी में भी घूमने का आनंद ले रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि नवंबर माह में मनाली व आसपास के क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी यहां के पर्यटन करोबार के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर का कहना है कि मनाली में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के बाद सैलानी यहां के पर्यटक स्थलों के बारे में जानकारी ले रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App