बर्फीली हवाओं से हिमाचल सुन्न

By: Nov 30th, 2019 12:01 am

बारिश-हिमपात के बाद पहाड़ों के साथ मैदान भी प्रचंड ठंड की मार से बेहाल

शिमला – हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। बर्फबारी होने के चलते पहाड़ों पर अभी भी हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। बर्फबारी व बारिश के बाद कल्पा, केलांग व मनाली का पारा जमाव बिंदू से नीचे चल रहा है। वहीं, डलहौजी व शिमला के कुफरी का न्यूनतम तापमान में शून्य डिग्री में दर्ज किया गया है। बीते 24 घटों के दौरान भी पहाड़ों पर बर्फबारी रिकार्ड की गई है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। इससे राज्य में शीतलहर का प्रकोप जारी है। वहीं, ठंड की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में अब 30 से पांच दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उछाल आने की संभावना जताई जा रही है। राज्य में शुक्रवार को भी मौसम खराब बना रहा। पहाड़ों व मैदानों पर दोपहर तक आसमान में काले बादल छाए रहे। हालांकि दोपहर बाद कुछ समय के लिए हल्की धूप खिली, जबकि शाम के समय फिर बादल घिर आए। इस दौरान अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। भुंतर के पारे में सबसे ज्यादा चार डिग्री का उछाल आया है। इसके अलावा धर्मशाला व सोलन में तीन, शिमला में दो कांगड़ा, बिलासपुर व कल्पा के पारे में एक डिग्री तक का उछाल आया है। राज्य के सुंदरनगर, हमीरपुर, चंबा और डलहौजी के तापमान में गुरुवार के मुकाबले गिरावट रिकार्ड की गई है। न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। राज्य में अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच से छह डिग्री और न्यूनतम तापमान एक डिग्र्री सेल्सियस तक कम चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य मे पांच दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उछाल आने की संभावना है। उधर, पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केलांग का पारा लुढ़क कर माइनस डिग्री में चल रहा है। केलांग का न्यूनतम तापमान -2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो देश भर मे सबसे कम दर्ज किया गया है।

कहां, कितना तापमान

शहर  अधिकतम    न्यूनतम

शिमला    15.3       4.8

सुंदरनगर  20.3       7.3

भुंतर       19.3       4.5

कल्पा     4.8       -4.4

धर्मशाला   13.2       5.8

ऊना       22.3       11.6

सोलन     20.0       5.4

नाहन      20.2       12.4

केलांग     -2.0      -5.9

कांगड़ा    17.1       8.2

बिलासपुर 21.5       12.0

हमीरपुर    21.3       11.6

चंबा       11.4       9.2

डलहौजी  4.0        0.4


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App