बाल विज्ञान सम्मेलन में मिनर्वा का डंका

By: Nov 19th, 2019 12:28 am

 स्कूल के नन्हें वैज्ञानिकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर किया नाम रोशन, स्टाफ सदस्यों ने दी बधाई

घुमारवीं –राज्य स्तरीय 27वें बाल विज्ञान सम्मेलन में मिनर्वा स्कूल के नन्हें वैज्ञानिकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला व स्कूल का नाम चमकाया। मिनर्वा के बच्चों ने साइंस क्विज, मैथ ओलंपियाड व मॉडल प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। साइंस क्विज में स्कूल की तेजश्वनी व अभय सांख्यान ने पूरे प्रदेश भर में दूसरा स्थान झटका। मैथ ओलंपियाड सीनियर गु्रप में दिग्विजय ठाकुर ने भी पूरे प्रदेश भर में दूसरा स्थान हासिल किया है। मॉडल प्रदर्शनी में अखिलेश व अमित ने पूरे प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रदर्शनी में मॉडल को बच्चों ने किसानों के लिए मददगार बताया। मॉडल में बच्चों ने बिजली की बचत से लेकर जानवरों से फसलों के बचाव को दर्शाया। अखिलेश व अमित द्वारा तैयार किया गया मॉडल विज्ञान सम्मेलन में आकर्षण का केंद्र बना रहा। सभी ने बच्चों की प्रतिभा को खूब सराहा। निर्णायक मंडल ने मॉडल को तीसरा स्थान दिया। मॉडल में दर्शाया गया कि विज्ञान के जरिए किसान अपनी खेती को दोगुना कर सकते हैं तथा उसकी सुरक्षा भी कर सकते हैं। मॉडल में जानवरों से फसलों को बचाने के लिए जमीन में माइक्रो प्रोसेसर व एक सैंसर लगा था। इसके साथ ही बच्चों ने अपने मॉडल में आटा चक्की व मक्की की मशीन को चलाने के लिए साइकिल का प्रयोग किया गया था,  जिसको दर्शकों ने खूब सराहा। बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल लौटे सभी छात्रों को स्कूल स्टाफ ने सादे समारोह के दौरान सम्मानित किया। स्कूल प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि स्कूल स्टाफ  व बच्चों की मेहनत से ही यह संभव हो पाया है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App