भरमौर में ठंड से छूटी कंपकंपी

By: Nov 29th, 2019 12:20 am

हिमपात और बारिश से बाजारों से गायब हुई रौनक, गांवों में पहुंचे बर्फ के फाहे

भरमौर – जनजातीय क्षेत्र  भरमौर में बुधवार से पहाड़ों पर जारी हिमपात के दौर के बीच बर्फ के फाहें ऊंचाई पर बसे गांवों को भी छू गए। जिसके चलते समूचे उपमंडल में ठंड और भी प्रचंड हो गई है। हालात ये हैं कि यहां पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच लोग घरों में ही दुबकने के लिए मजबूर हो गए है। वहीं बाजारों में भी पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। बहरहाल गुरुवार शाम को यहां पर बारिश का दौर थम गया। जिससे लोगों को भी राहत मिलने की अब उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग की ओर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते चंबा जिला में भी यलो अलर्ट जारी किया था। जिसके परिणामरूवरूप बुधवार से ही मौसम यहां पर कडे़ तेवर अपनाए हुए था और बुधवार को आरंभ हुआ बारिश का दौर गुरुवार सुबह तक निचले इलाकों में जारी रहा। पहाड़ों पर लगातार हिमपात हुआ है। मौसम के कडे़ तेवरों के चलते यहां पर तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। जिसका नतीजा यह रहा है कि समूचे उपमंडल में गुरुवार को दिन के समय भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई। उधर, मौसम के कड़ा रुख अपनाने के चलते उपमंडल के ऊंचाई पर बसे गांवों को भी बर्फ के फाहे छू गए है। लिहाजा आगामी दिनों में मौसम पुनः बिगड़ैल होता है, तो निचले इलाकों में भी बर्फबारी होने की पूरी उम्मीद है। चूंकि यहां पर तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App